नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद संयुक्त राष्ट्र (United Nations) के जलवायु प्रमुख साइमन स्टील ने चेतावनी देते हुए कहा है कि हिंदू कुश हिमालय का इलाका जलवायु परिवर्तन की वजह से बड़े खतरे में है।
नेपाल–तिब्बत सीमा पर ग्लेशियर टूटने के कारण अचानक आई विनाशकारी बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। इस प्राकृतिक घटना ने पर्यावरण की नाजुकता की भयावह याद दिला दी है। संयुक्त राष्ट्र (United Nations) के जलवायु प्रमुख साइमन स्टील ने चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि खासतौर पर हिंदू कुश हिमालय का इलाका जलवायु परिवर्तन की वजह से बड़े खतरे में है। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक और स्थानीय समुदाय वर्षों से चेतावनी देते आ रहे हैं कि हिंदू कुश हिमालय जलवायु परिवर्तन की वजह भारी जोखिम में है।
संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन फ्रेमवर्क कन्वेंशन (UNFCCC) के कार्यकारी सचिव स्टील ने चेतावनी देते हुए कहा कि इंसान भारी मात्रा में कोयला, तेल और गैस जला रहे हैं, जिससे जलवायु गर्म हो रही है। इस तरह की त्रासदियां और दुनिया भर में होने वाली कई अन्य घटनाएं ज्यादा संभावित, लगातार और गंभीर होती जा रही है।
उन्होंने कहा कि इनका अक्सर कमजोर समुदायों को ज्यादा प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर गर्मी बढ़ने की समस्या के समाधान भी स्पष्ट हैं। इनमें फॉसिल फ्यूल से नवीकरणीय ऊर्जा की तरफ तेजी से बढ़ना और जलवायु से निपटने की क्षमता में ज्यादा निवेश करना शामिल है।



















