कुरुक्षेत्र : हरियाणा के कुरुक्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला निकलकर सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी शादीशुदा गर्लफ्रेंड के साथ जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। दोनों पार्किंग में मिलने पहुंचे थे। यहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद उन्होंने जहरीला पदार्थ निगल लिया। महिला के साथ आई एक युवती ने दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान गुरुवार दोपहर दोनों की मौत हो गई।
मृतक युवक की पहचान मिर्जापुर निवासी विरेन (24) के रूप में हुई है। वह कुरुक्षेत्र की एक लेबोरेटरी में काम करता था। बताया जा रहा है कि महिला की शादी हो चुकी थी, लेकिन इसके बावजूद वह युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहना चाहती थी। इसी मामले को लेकर दोनों के बीच विवाद होने की बात सामने आई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, महिला के साथ अस्पताल पहुंची युवती के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया।



















