इस्लामाबाद। शुक्रवार को खैबर पख्तूनख्वा के कोहाट ज़िले के पुलिस लाइंस इलाके में एक मस्जिद के पास हुए धमाक में कम से कम 15 लोगों की मौत हुई। हादसे में 50 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। डिस्ट्रिक्ट हेडक्वार्टर (DHQ) अस्पताल के MS ताहिर अली शाह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि धमाके के बाद अस्पताल में 15 शव और 50 से ज्यादा लोग घायल लाए गए हैं।
राहत-बचाव कार्य जारी
पुलिस के मुताबिक धमाका शुक्रवार की नमाज के दौरान हुआ और इससे मस्जिद के बाहर एक गड्ढा बन गया। हादसे में घायल लोगों में पुलिसकर्मी भी शामिल थे। बचाव कर्मियों ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि धमाके से मस्जिद का बाहरी हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और एक दीवार भी गिर गई।
अधिकारियों ने कहा कि धमाके वाली जगह पर बचाव कार्य चलाया जा रहा था, इसी बीच घटना के बाद अधिकारियों ने कोहाट-हंगू रोड को सभी तरह के ट्रैफिक के लिए बंद कर दिया है। कोहाट में DHQ प्रशासन ने इमरजेंसी लागू कर दी है क्योंकि घायलों को इलाज के लिए लाया जा रहा है।
धमाके की जांच जारी
शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, ‘विस्फोटकों से लदे एक वाहन को ओल्ड पुलिस लाइन्स में घुसाया गया था, हालांकि, धमाके के पीछे का असल कारण अभी पता नहीं चला है। रेस्क्यू 1122 के प्रवक्ता बिलाल अहमद फैज़ी ने एक बयान में कहा, ‘धमाके के बाद हथियारबंद आतंकवादियों के साथ गोलीबारी हुई।’
आतंकवाद के खिलाफ मजबूती से खड़ी पुलिस
IG हमीद ने कहा, ‘KP पुलिस आतंकवाद के ख़िलाफ़ एक मज़बूत दीवार की तरह खड़ी है, कायरतापूर्ण हमले हमारे हौसले को नहीं तोड़ सकते।’ बयान में उनके हवाले से कहा गया, ‘शहीदों का खून बेकार नहीं जाएगा, आतंकवादियों और उनके मददगारों का अंजाम बहुत बुरा और मिसाल बनने वाला होगा।’ उन्होंने घायलों को बेहतरीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।



















