दक्षिणी दिल्ली। हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के पार्सल यार्ड में रेलवे पुलिस को गौमांस होने के संदेह में 1286.35 किलोग्राम सामग्री मिली है। कुल 20 थर्माकोल के कार्टन में पैक इस सामग्री को लेकर गौमांस होने की आशंका जताई गई है।
पार्सल की बुकिंग हैदराबाद से मटन और मीट के नाम पर कराई गई थी। मामले की सूचना मिलने के बाद रेलवे पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और अन्य संबंधित एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। सामग्री की वास्तविक प्रकृति की पुष्टि के लिए एफएसएल की टीम और पशु चिकित्सक को बुलाया गया है।
8 नवंबर को मिली सूचना
पुलिस के अनुसार, आठ नवंबर की सुबह करीब नौ बजे रेलवे विजिलेंस यूनिट, बड़ौदा हाउस से सूचना मिली कि हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के यार्ड में एक ट्रेन से कुछ संदिग्ध पार्सल पहुंचे हैं। इनमें बीफ होने की आशंका जताई गई है।
सूचना मिलते ही जांच अधिकारी और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। जांच में पता चला कि 20 थर्माकोल के कार्टन ट्रेन संख्या 12721 दक्षिण एक्सप्रेस से हैदराबाद रेलवे स्टेशन से नई वाशिंग लाइन (निजामुद्दीन) पहुंचे हैं। इनका कुल वजन करीब 1286.35 किलोग्राम है।
पार्सल की बुकिंग किस नाम पर?
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पार्सल की बुकिंग मटन और मीट के नाम पर कराई गई थी। हालांकि, कार्टन में रखी सामग्री किस जानवर का मांस है, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। इसके लिए एफएसएल टीम और पशु चिकित्सक को मौके पर बुलाया गया है।
टीम सामग्री के नमूने लेकर उनकी जांच करेगी। साथ ही पूरी कार्रवाई की ई-साक्ष्य के माध्यम से वीडियोग्राफी और अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
पुलिस के मुताबिक, नमूने लेने के बाद सामग्री के निस्तारण की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी। पार्सल किसने बुक कराए और इसे किसके पास पहुंचाया जाना था, इस संबंध में भी जांच की जा रही है।



















