फगवाड़ा : बसंत नगर की झापर कॉलोनी में देर रात एक घर को पेट्रोल बम से निशाना बनाए जाने का मामला सामने आया है। तीन युवकों ने कथित तौर पर घर की छत पर पेट्रोल बम फेंका, जिससे वहां रखी तारों में आग लग गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हुई है।
घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। परिवार के सदस्य रवि और विमला देवी के अनुसार, उन्हें पड़ोसियों के जरिए छत पर आग लगने की जानकारी मिली। जब उन्होंने ऊपर जाकर देखा तो छत पर आग लगी हुई थी, जबकि हमलावर वहां से निकल चुके थे। परिवार का कहना है कि उनकी किसी व्यक्ति से कोई दुश्मनी नहीं है। ऐसे में घर को अचानक निशाना बनाए जाने की वजह उनकी समझ से बाहर है।
परिजनों ने आशंका जताई कि अगर आग की जानकारी समय पर नहीं मिलती तो लपटें घर के दूसरे हिस्सों तक पहुंच सकती थीं और बड़ा हादसा हो सकता था। वारदात के बाद मोहल्ले के लोगों में भी दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात के समय इलाके में गश्त बढ़ाने और गलियों में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था करने की मांग की है।
CCTV खंगाल रही पुलिस
एसएचओ सतनामपुरा गुरनाम सिंह के मुताबिक, सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है।



















