नई दिल्ली: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में एक बड़ा हादसा होने से बच गया। भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर ने गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद अपनी सूझबूझ और साहस से 174 यात्रियों और क्रू मेंबर्स की जान बचा ली। उनकी इस बहादुरी के लिए मैनकाइंड फार्मा ने 1 करोड़ रुपये के इनाम की घोषणा की है, वहीं भारतीय पायलटों की संस्था ने उन्हें राष्ट्रीय बहादुरी पुरस्कार देने की मांग की है।
कॉकपिट में हमला और जान पर खेलकर यात्रियों की सुरक्षा
यह घटना बुधवार, 30 सितंबर की है, जब फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 दुबई से तेल अवीव (इज़राइल) के लिए रवाना हुई थी। उड़ान के दौरान कॉकपिट के भीतर अचानक अफरा-तफरी मच गई।
रिपोर्ट्स के अनुसार, ओमान के नागरिक और सह-पायलट (Co-pilot) हमम अल-हमामी ने विमान को हाईजैक करके क्रैश करने की साजिश रची। उसने कॉकपिट के अंदर ही मुख्य पायलट कैप्टन स्मित मच्छर पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में कैप्टन स्मित बुरी तरह घायल हो गए, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। गंभीर चोटों के बावजूद उन्होंने हमलावर का डटकर मुकाबला किया और किसी तरह कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफल रहे।
इज़राइली यात्रियों ने हमलावर को किया काबू
कॉकपिट का दरवाजा खुलते ही फ्लाइट में मौजूद कुछ इज़राइली यात्री तुरंत आगे बढ़े और कॉकपिट में दाखिल होकर हमलावर सह-पायलट को दबोच लिया। विमान में 27 बच्चों समेत कुल 174 यात्री सवार थे। कैप्टन स्मित की तत्परता और जांबाजी के कारण एक बड़ा विमान हादसा टल गया और सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित रहे।
मैनकाइंड फार्मा ने किया RS 1 करोड़ के नकद इनाम का ऐलान
कैप्टन स्मित की इस अद्वितीय बहादुरी की दुनिया भर में सराहना हो रही है। जाने-माने फार्मास्युटिकल ब्रांड ‘मैनकाइंड फार्मा’ ने शुक्रवार को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए पायलट और उनके परिवार को 1 करोड़ रुपये की सम्मान राशि देने की घोषणा की।
कंपनी ने अपनी पोस्ट में लिखा, “कैप्टन स्मित मच्छर ने अपनी जान की परवाह न करते हुए क्रू और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखा। यही असली नेतृत्व है। आभार व्यक्त करने के एक छोटे से प्रयास के रूप में, मैनकाइंड फार्मा उन्हें और उनके परिवार को 1 करोड़ रुपये प्रदान कर रही है। आपने पूरे भारत का सिर गर्व से ऊंचा किया है। हम आपकी बहादुरी को सलाम करते हैं।”
राष्ट्रीय बहादुरी पुरस्कार देने की मांग
कैप्टन स्मित की इस वीरता को देखते हुए फेडरेशन ऑफ इंडियन पायलट्स (FIP) भी उनके समर्थन में आगे आया है। FIP के अध्यक्ष कैप्टन सीएस रंधावा ने शुक्रवार को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर कैप्टन स्मित को सरकारी बहादुरी पुरस्कार से सम्मानित करने का अनुरोध किया है। रंधावा ने अपने पत्र में कहा कि जिन कठिन और जानलेवा परिस्थितियों में कैप्टन स्मित ने अपने कर्तव्य का पालन किया, वे सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान के हकदार हैं।



















