मोतिहारी: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मधुबन थाना क्षेत्र में दुर्गा पूजा के लिए पति के साथ जा रही एक नवविवाहिता के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पड़ोसी शिवहर जिले के श्यामपुर भटहां थाना क्षेत्र का नवदंपती मां दुर्गा की पूजा के लिए मधुबन आ रहा था। इसी दौरान बंजरिया गांव के सरेह के पास कुछ युवकों ने उन्हें कथित तौर पर रोक लिया। 

आरोप है कि दंपती के साथ मारपीट करने के बाद नवविवाहिता को पास के बगीचे में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर मधुबन थाना पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर कांड संख्या 363/26 दर्ज कर जांच शुरू की। श्यामपुर भटहां थाना पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार सभी आरोपित शिवहर जिले के श्यामपुर भटहां थाना क्षेत्र के लालगढ़ जिम्मी सिंह टोला के निवासी बताए हैं। 

पीड़िता को मोतिहारी सदर अस्पताल में चिकित्सकीय जांच और उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। उसकी जांच और उपचार के लिए अस्थि रोग, दंत रोग तथा स्त्री रोग विशेषज्ञों की तीन सदस्यीय टीम गठित की गई है। रविवार की मध्य रात्रि तक चिकित्सकीय प्रक्रिया जारी रही। इस दौरान आवश्यक नमूने और कपड़े एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। वहीं, गिरफ्तार आरोपितों की चिकित्सकीय जांच के लिए भी शल्य चिकित्सा, अस्थि रोग और दंत रोग विशेषज्ञों की तीन सदस्यीय टीम गठित की गई है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031