PM Narendra Mod Bhagalpur Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 20 नवंबर को बिहार के भागलपुर दौरे पर आ सकते हैं. अपने इस संभावित दौरे के दौरान वे भागलपुर, बांका और आसपास के क्षेत्रों को बिजली, हवाई सफर, शिक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी हजारों करोड़ रुपये की योजनाओं की बड़ी सौगात देंगे.
PM Narendra Mod Bhagalpur Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 20 नवंबर को बिहार के भागलपुर दौरे पर आ सकते हैं. संभावित दौरे को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बुधवार शाम वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिस महानिदेशक के साथ बैठक करेंगे. पीएम मोदी के संभावित कार्यक्रम में भागलपुर के साथ बांका और आसपास के जिलों की विकास योजनाएं भी शामिल हो सकती हैं. इनमें बिजली, उच्च शिक्षा, हवाई सफर और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं को जगह मिलने की उम्मीद है. फिलहाल दौरे का ऑफिशियल कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है.
पीरपैंती थर्मल पावर प्रोजेक्ट का हो सकता है शिलान्यास
भागलपुर जिले की पीरपैंती थर्मल पावर स्टेशन परियोजना भी संभावित कार्यक्रम में शामिल हो सकती है. इस परियोजना का शिलान्यास प्रधानमंत्री के हाथों कराए जाने की संभावना जताई जा रही है. इस बारे में अभी तक कोई ऑफिशियल कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है.
विक्रमशिला के पास केंद्रीय विश्वविद्यालय की उम्मीद
भागलपुर में उच्च शिक्षा से जुड़ी एक बड़ी योजना भी चर्चा में है. कहलगांव के ऐतिहासिक विक्रमशिला स्थल के आसपास केंद्रीय विश्वविद्यालय बनाने की योजना की आधारशिला रखे जाने की संभावना है.
अगर यह कार्यक्रम तय होता है, तो भागलपुर क्षेत्र में उच्च शिक्षा से जुड़ी इस योजना को आगे बढ़ाने का मौका मिल सकता है.
अजगैवीनाथ ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट पर भी नजर
सुल्तानगंज क्षेत्र में प्रस्तावित अजगैवीनाथ ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट परियोजना को लेकर भी पीएम मोदी के संभावित दौरे से उम्मीदें जुड़ी हैं. इस परियोजना का शिलान्यास कराए जाने की संभावना जताई जा रही है. इस योजना के आगे बढ़ने से भागलपुर और आसपास के इलाकों में हवाई कनेक्टिविटी बेहतर करने में मदद मिल सकती है. इससे व्यापार, पर्यटन और लोगों के आने-जाने को भी फायदा होने की उम्मीद है.
3242.95 करोड़ की 459 योजनाओं का ब्योरा PMO को भेजा
प्रधानमंत्री के संभावित दौरे के लिए विकास योजनाओं की सूची भी तैयार की गई है. सूत्रों के मुताबिक, बिहार के भवन निर्माण विभाग ने 3242.95 करोड़ रुपये की लागत वाली 459 तैयार योजनाओं का ब्योरा प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) को भेजा है. इनमें भागलपुर जिले के जगदीशपुर, शाहकुंड और मकंदपुर में बने पंचायत सरकार भवन शामिल बताए जा रहे हैं. बांका जिले की अलग-अलग पंचायतों में बनाए गए करीब 28 पंचायत सरकार भवनों का उद्घाटन भी प्रधानमंत्री के हाथों कराने की तैयारी की जानकारी सामने आई है.
सम्राट चौधरी आज शाम करेंगे समीक्षा बैठक
पीएम मोदी के संभावित दौरे को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज शाम उच्चस्तरीय बैठक करेंगे. इसमें राज्य के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस महानिदेशक (DGP) भी शामिल होंगे. बैठक में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम, सुरक्षा इंतजाम, संभावित कार्यक्रम स्थल और विकास योजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास की तैयारियों पर चर्चा होगी.
बैठक में कार्यक्रम स्थल पर जरूरी सुविधाओं, यातायात व्यवस्था, पार्किंग और सुरक्षा से जुड़े इंतजामों की समीक्षा हो सकती है. प्रशासनिक अधिकारियों के बीच तालमेल पर भी चर्चा होने की संभावना है. प्रधानमंत्री के बिहार दौरे की तारीख और भागलपुर में होने वाले कार्यक्रमों की अंतिम जानकारी ऑफिशियल कार्यक्रम जारी होने के बाद ही साफ होगी.



















