चेन्नई : तमिलनाडु में सन ग्रुप की काव्या मारन और फिल्म संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर की शादी चर्चा में है। भारत के टॉप म्यूजिक डायरेक्टर्स में से एक, अनिरुद्ध रविचंदर इस साल नवंबर में काव्या मारन के साथ शादी करने जा रहे हैं। काव्या मारन, सन ग्रुप के चेयरमैन कलानिधि मारन की बेटी हैं और IPL फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद की मालकिन हैं। दोनों की शादी की खबर तब कन्फर्म हुई, जब तेलंगाना के मुख्यमंत्री कार्यालय ने अपने X (ट्विटर) अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर किया। इसमें बताया गया कि सन ग्रुप के चेयरमैन कलानिधि मारन और उनकी पत्नी कावेरी मारन ने जुबली हिल्स स्थित आवास पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी से मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री को अपनी बेटी काव्या मारन के वेडिंग रिसेप्शन में शामिल होने का न्योता दिया, जो 21 नवंबर को चेन्नई में आयोजित होने वाला है।
काव्या मारन की शादी 11 नवंबर को ग्रीस में होने वाली है। अनिरुद्ध और काव्या मारन की शादी की खबरें पहली बार 2025 में सामने आई थीं। पिछले साल जून में, म्यूजिक डायरेक्टर ने इंटरनेट पर चल रही इन अफवाहों को खारिज कर दिया था कि वह काव्या मारन से शादी करने जा रहे हैं।
थलपति विजय और स्टालिन का हो सकता है सामना
काव्या मारन और अनिरुद्ध रविचंदर की शादी के बाद चेन्नई में ग्रैंड रिसेप्शन होगा। यहां पर पूरे देश के दिग्गज जुटेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पहुंच सकते हैं। मारन दंपति ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय को भी व्यक्तिगत रूप से शादी के लिए आमंत्रित किया है। केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना समेत लगभग हर राज्य के मुख्यमंत्रियों को निमंत्रण दिया गया है। इस शादी में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय और पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन का आमना-सामना हो सकता है।
एमके स्टालिन से काव्या मारन का रिश्ता
काव्या मारन के पिता कलानिधि मारन हैं। कलानिधि के पिता दिवंगत पूर्व केंद्रीय मंत्री मुरासोली मारन थे। मुरासोली मारन की मां का नाम शनमुग सुंदर थम्मल था। शनमुगसुंदर पूर्व मुख्यमंत्री करुणानिधि की बहन थीं। स्टालिन करुणानिधि के बेटे हैं। इस नाते शनमुगसुंदर उनकी बुआ हैं। ऐसे में एमके स्टालिन, काव्या मारन के दादा लगते हैं। वह काव्या मारन को पोती की तरह प्यार भी करते हैं।



















