गुमला। झारखंड के गुमला जिले में दशहरा पर्व के दौरान पिता-पुत्र के रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। पालकोट थाना क्षेत्र के पोजेगा गांव में गुरुवार रात करीब 11 बजे हुए विवाद के बाद एक पिता ने अपने ही 40 वर्षीय बेटे की टांगी से वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। वहीं, परिवार और ग्रामीणों में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात हरिनारायण यादव और उनके बेटे कुलदीप यादव के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया, जिसके बाद पिता ने टांगी से कुलदीप पर हमला कर दिया। हमले में कुलदीप की मौके पर ही मौत हो गई।
शराब के नशे में होने की प्रारंभिक जानकारी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के समय कुलदीप शराब के नशे में था। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। दशहरा जैसे पर्व के दौरान हुई इस वारदात से इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।



















