उत्तर प्रदेश के लखनऊ में हुसैनगंज थाना क्षेत्र के उदयगंज इलाके में उस समय सनसनी फैल गयी, जब रविवार तड़के चार बजे एक सिरफिरे आशिक ने युवती और उसके परिवार पर तेज़ाब से हमला कर दिया. यही नहीं विरोध करने पर युवती की मां पर चाकू से जानलेवा हमला कर घायल कर दिया.
चीख-पुकार सुन आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को दबोच लिया. जमकर पिटाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने सभी घायलों को KGMU में भर्ती करा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.
क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के मुताबिक, आरोपी युवक लंबे समय से युवती पर शादी का दबाव बना रहा था. युवती के इनकार से नाराज होकर उसने तड़के करीब 4 बजे घर में घुसकर युवती पर तेजाब फेंक दिया. युवती की चीख-पुकार सुनकर माता-पिता पहुंचे तो आरोपी ने उन पर भी तेजाब फेंक दिया. जब मां ने विरोध किया तो आरोपी ने चाकू निकालकर उनके चेहरे समेत शरीर के कई हिस्सों पर जानलेवा वार किए.
तेजाब के हमले में युवती समेत परिवार के तीन लोग बुरी तरह झुलस गए. पड़ोसियों ने चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचकर आरोपी युवक को पकड़ लिया और जमकर पिटाई की. उधर तीनों घायलों को KGMU ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया. हुसैनगंज पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.अधिकारियों ने बताया कि घायलों का इलाज जारी है, सभी खतरे से बाहर हैं. परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
उधर इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी फैल गयी है. स्थानीय लोगों की सतर्कता से आरोपी को पकड़ लिया गया.. लेकिन जिस तरह की वारदात हुई है उसने लोगों में दहशत फैला दी है.


















