Hamirpur Road Accident : हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां पर दो स्कूटी वाहनों की भिड़ंत के बाद सड़क पर गिरे एक स्कूटी सवार को श्रद्धालुओं की कार ने चपेट में ले लिया। इस हादसे में 31 वर्षीय युवक की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, हादसा बड़सर उपमंडल में राष्ट्रीय उच्चमार्ग-503 ए पर हुआ। मृतक की पहचान रोहित कुमार (31 वर्षीय), पुत्र केहर चंद निवासी गांव डैहर, डाकघर थानाकलां (बंगाणा), ऊना के रूप में हुई है। वह पीएनबी मेटलाइफ में काम करता था। बताया जा रहा है कि हादसा गुजरेड़ा के पास उस वक्त हुआ जब बंगाणा की ओर से आ रही स्कूटी (HP 78 A 0394) और विपरीत दिशा से आ रही दूसरी स्कूटी (HP 55 B 9846) के बीच टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही एक स्कूटी सवार सड़क पर जा गिरा। उसी दौरान बाबा बालक नाथ मंदिर में माथा टेककर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई, जिसकी चपेट आकर युवक की मौत हो गई। स्थानीय लोगों द्वारा घायल युवक को तुरंत अस्पताल बड़सर पहुंचाया गया, लेकिन यहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।



















