भारत ने वेलिंगटन में खेले गए तीसरे टी20 में न्यूजीलैंड को हरा दिया है. न्यूजीलैंड ने पहले खेलने के बाद 20 ओवर में तीन विकेट खोकर 198 रन बनाए थे. जवाब में टीम इंडिया ने महज 13.2 ओवर में टारगेट हासिल कर लिया. भारत के लिए अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 38 गेंद में 113 रनों की धुआंधार पारी खेली. वहीं वैभव सूर्यवंशी ने 19 गेंद में 45 रन बनाए. दोनों ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की जमकर पिटाई की. इस जीत के साथ ही भारत ने सीरीज पर भी कब्जा कर लिया है. पांच मैचों की टी20 सीरीज में अब टीम इंडिया 3-0 से आगे हो गई है.
199 रन चेज करने के लिए भारत ने ओपनिंग जोड़ी में बदलाव किया. इस बार अभिषेक शर्मा के साथ 15 साल के तूफानी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पारी की शुरुआत करने आए. दोनों ने पहले ओवर में ही न्यूजीलैंड को बैकफुट पर धकेल दिया. पहले ओवर में कुल 26 रन बने. टी20 इंटरनेशनल में फुल मेंबर देशों में पहली बार पहले ही ओवर में इतने रन बने.
पावरप्ले में अभिषेक शर्मा ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों अटैक को तहस-नहस कर दिया. वैभव ने भी उनका खूब साथ दिया. दोनों ने जमकर कीवी गेंदबाजों की धुनाई की. अभिषेक ने 14 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया. वहीं भारत ने पावरप्ले यानी शुरुआती 6 ओवर में बिना किसी विकेट के 118 रन बना दिए. पुरुष टी20 इंटरनेशनल में पावरप्ले में यह सबसे बड़ा स्कोर है.
अभिषेक और वैभव ने 7.1 ओवर में 133 रनों की ओपनिंग साझेदारी की. इन दोनों ने ही भारत की जीत पक्की कर दी थी. वैभव 19 गेंद में 45 रन बनाकर आउट हुए. उनके बल्ले से 4 चौके और 4 छक्के निकले. इसके बाद अभिषेक ने 35 गेंद में अपना शतक पूरा किया.
अभिषेक 38 गेंद में 113 रन बनाकर पवेलियन लौटे. इस दौरान उनके बल्ले से 9 चौके और 11 छक्के निकले. अभिषेक 10वें ओवर की लास्ट गेंद पर आउट हुए, तब भारत का स्कोर 178 रन था. यानी अभिषेक ने भारत की जीत पर मुहर लगा दी थी.
इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर 10 गेंद में पांच रन बनाकर आउट हुए. वहीं संजू सैमसन 13 गेंद में दो चौकों की मदद से 18 रन बनाकर पवेलियन लौटे. तिलक वर्मा एक गेंद में एक और नमन धीर एक गेंद में चार रन बनाकर नाबाद रहे.
न्यूजीलैंड के सभी गेंदबाजों की बंपर पिटाई हुई. जैकब डफी ने दो ओवर में 44 रन दिए. एडम मिल्ने ने दो ओवर में 33 और माइकल ब्रेसवेल ने दो ओवर में 36 रन लुटाए. मैथ्यू फिशर ने एक ओवर में 23 रन दे डाले. वहीं काइल जैमीसन ने 3.2 ओवर में 45 रन देकर दो विकेट चटकाए.



















