बारामूला : उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में झेलम नदी से रेत निकालने के दौरान नाव से नदी में गिरने के कारण दो युवकों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बुधवार को इस घटना की जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात रफियाबाद के दाचनपारा इलाके में पेश आया। दोनों युवक झेलम नदी से रेत निकाल रहे थे, तभी कथित तौर पर अचानक नदी में गिर गए।
एक अधिकारी ने बताया कि दोनों के शव रातभर नदी में रहे और बुधवार सुबह बरामद किए गए। मृतकों की पहचान जावेद अहमद मीर (28) पुत्र गुलाम मोहम्मद मीर और मोहम्मद अनीस मलिक (29) पुत्र अब्दुल मजीद के रूप में हुई है। दोनों दाचनपारा, रफियाबाद के निवासी थे।
अधिकारियों ने बताया कि प्रशासन ने घटना का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। जांच के जरिए दोनों युवकों की मौत के वास्तविक कारणों और हादसे की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।



















