इंडिया ब्लॉक के मॉक पार्लियामेंट के ऊपर बीजेपी ने तंज किया है. भारतीय जनता के नेता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा भारत में लगातार अराजकता फैलाने में असफल रहने के बाद, कांग्रेस पार्टी केवल अपने ‘शहज़ादे’ राहुल गांधी की संतुष्टि के लिए और उनके मन को बहलाने के लिए, अब एक मॉक पार्लियामेंट (नकली संसद) बनाकर यह भ्रम पैदा कर रही है कि वे अपनी पसंद से संसद में हैं. लेकिन कांग्रेस पार्टी की बदकिस्मती से, उनकी इस ‘मॉक पार्लियामेंट’ का अब सीमा पार से भी मज़ाक उड़ रहा है, क्योंकि वर्ल्ड बैंक की 2025 की रिपोर्ट में 2012 से 2023 के बीच भारत की 27.6% आबादी को अत्यधिक गरीबी से बाहर निकालने के लिए भारत की सराहना की गई है. रिपोर्ट के मुताबिक अब अत्यधिक गरीबी रेखा के नीचे रहने वाले लोग महज 2.6% रह गए हैं.”
उन्होंने आगे कहा, “विश्व बैंक ने यह भी कहा कि आज के मानक के अनुसार, जो आबादी 2011 में 4.2 डॉलर (लगभग 400 रुपये) से कम कमा रही थी, वह 57.7% थी; जो अब घटकर केवल 16% रह गई है. भारतीय रुपये में कहें तो अब देश की सिर्फ 16% आबादी ही ऐसी है जो रोजाना 400 रुपये से कम कमाती है. यानी 84% भारतीय प्रतिदिन 400 रुपये से अधिक कमा रहे हैं. यह दिखाता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत किस तरह आगे बढ़ रहा है.. ये बिल्कुल स्पष्ट है कि पीएम मोदी के कुशल नेतृत्व में बीजेपी और एनडीए प्रभावी ढंग से गरीबी को खत्म कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस अपने नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में, जो अपने हर रुख और शब्द में लगातार असंगत रहते हैं, घोर निराशा में पीएम मोदी को हटाने की कोशिश कर रही है, लेकिन देश की जनता उन्हें बार-बार नकार रही है.”
महाभियोग कार्यक्रम को लेकर क्या बोलीं कुमारी शैलजा
INDIA ब्लॉक ने CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सार्वजनिक महाभियोग कार्यक्रम आयोजित किया. कांग्रेस नेता कुमारी शैलजा ने कहा, “हमारा जवाब लोगों के लिए है. आज के दिन कटघरे में सरकार और CEC खड़े हैं. जनता कह रही है कि इस सरकार का लोकतंत्र को खत्म करने का प्रयास है और हम इसे सफल नहीं होने देंगे…”
कांग्रेस का केंद्र पर बड़ा आरोप
AICC महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा, “केंद्र सरकार ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव को क्यों खारिज कर दिया. आप देखिए कि आज क्या हो रहा है और कल क्या होने वाला है. भारत की जनता जानती है कि यह मुख्य चुनाव आयुक्त अपना काम नहीं कर रहे हैं बल्कि वे प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के लिए काम कर रहे हैं.”
भाजपा का गठबंधन की रैली पर तंज
भारतीय जनता पार्टी ने विपक्ष की रैली पर तंज कसा है. बीजेपी ने एक्स पर लिखा, ‘व्यापार विरोधी कांग्रेस का सच!’
खरगे के आवास पर पहुंची प्रियंका गांधी
विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर पहुंच चुके हैं. इंडिया गठबंधन सांकेतिक जन महाभियोग के साथ-साथ मॉक पार्लियामेंट की तैयारी में भी है. प्रियंका गांधी भी खरगे के आवास पर पहुंच चुकी हैं.
खरगे के आवास पहुंचे पवन खेड़ा
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पहुंचे. पवन खेड़ा ने कहा, “मॉक पार्लियामेंट नहीं है, यह एक सार्वजनिक महाभियोग है जो कि चीफ इलेक्शन कमिश्नर ज्ञानेश कुमार गुप्ता के खिलाफ है. उन्होंने तो पूरा पार्लियामेंट की मौकरी बना रखी तो वो क्या मॉक पार्लियामेंट करेंगे. बीजेपी को समझ लेना चाहिए ना अब नरेंद्र मोदी में लोगों की रुचि बची है ना भारतीय जनता पार्टी में और ना राष्ट्रीय राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में है.”
इंदिरा भवन में चल रही कांग्रेस की अहम मीटिंग
खरगे के आवास पर होने वाले कार्यक्रम से ठीक पहले कांग्रेस की एक और अहम मीटिंग चल रही है. पंजाब के कांग्रेस नेता इंदिरा भवन, दिल्ली पहुंचे हैं. यहाँ राहुल गांधी और खरगे भी मौजूद हैं.



















