मुजफ्फरपुर: इंस्टाग्राम से शुरू हुई प्रेम कहानी, शादी, जेल और अंत में धोखे की ऐसी भूलभुलैया में बदली कि एक 22 वर्षीय युवक ने साड़ी का फंदा बनाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। महज तीन महीने पहले ही वह अपनी मोहब्बत के खातिर दो साल की सजा काटकर जेल से घर लौटा था, लेकिन टूटे दिल और गहरे मानसिक तनाव ने उसकी जान ले ली।
मामला अलीनेउरा पंचायत स्थित छेगन नेउरा गांव के वार्ड संख्या 10 का
मामला मीनापुर थाना क्षेत्र की अलीनेउरा पंचायत स्थित छेगन नेउरा गांव के वार्ड संख्या 10 का है। यहां के निवासी विनोद राम के 22 वर्षीय पुत्र अमरजीत राम का शव उसके कमरे में साड़ी के फंदे से लटकता हुआ मिला। सुबह घरवाले उसे जगाने गए थे। जैसे ही वह कमरे में दाखिल हुए उन्हें अमरजीत फंदे से लटका मिला। शव पर नजर पड़ते ही घर में चीख-पुकार मच गई।
मामले की जानकारी पाते ही मीनापुर पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
इंस्टाग्राम पर यूपी की सुरभि से हुई दोस्ती, फिर भागकर की शादी
मृतक के चचेरे भाई अमर कुमार के अनुसार, अमरजीत को इंस्टाग्राम पर रील्स देखने और चैटिंग करने के दौरान उत्तर प्रदेश के जौनपुर की रहने वाली सुरभि पटेल से प्यार हो गया था। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और देखते ही देखते प्रेम संबंध शादी तक पहुंच गया। दोनों ने परिवार की मर्जी के बिना घर से भागकर प्रेम विवाह कर लिया।
सुरभि के पिता ने अमरजीत पर दर्ज कराया अपहरण का केस, हुई जेल
इसके बाद कहानी में नया मोड़ आ गया। युवती के पिता ने जौनपुर में अमरजीत के खिलाफ अपहरण और शादी का मामला दर्ज करा दिया। युवती के नाबालिग होने की बात सामने आने के बाद जुवेनाइल कोर्ट के आदेश पर अमरजीत को करीब दो साल जेल में बिताने पड़े। लगभग तीन महीने पहले वह जेल से रिहा होकर अपने गांव लौटा था।
जेल से लौटने के बाद सुरभि से अमरजीत की बातचीत होती थी: परिजन
परिजनों का कहना है कि जेल से लौटने के बाद भी दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत होती थी। इसी बीच बुधवार को युवती ने अमरजीत को फोन कर बताया कि वह घर छोड़कर मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन पहुंच गई है। पत्नी के आने की खबर सुनते ही अमरजीत गाड़ी लेकर स्टेशन पहुंच गया। उसने काफी देर तक स्टेशन और आसपास के इलाकों में पत्नी की तलाश की, लेकिन वह कहीं नहीं मिली।
बताया जा रहा है कि इस घटना के बाद से अमरजीत काफी परेशान और मानसिक तनाव में रहने लगा था। आखिरकार शनिवार को उसका शव फंदे से लटका मिला। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आत्महत्या के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।



















