नई दिल्ली। मीटर में ऊंचाई 5256 और फीट में हाइट 17244, भारत में एक ऐसा रेलवे स्टेशन बनाने की तैयारी है, जो दुनिया में सबसे ऊंचाई पर स्थित रेलवे स्टेशन होगा। दरअसल, भारत हिमालय में अपनी सबसे महत्वाकांक्षी रेलवे बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में से एक की योजना बना रहा है, जिसमें दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे स्टेशन का निर्माण हो सकता है।
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर को लद्दाख के लेह से जोड़ने वाली प्रस्तावित रेलवे लाइन न केवल ट्रेनों को देश की उत्तरी सीमा के करीब लाएगी, और एक वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बनाएगी। 489 किलोमीटर लंबी बिलासपुर-मनाली-लेह रेलवे लाइन पर समुद्र तल से लगभग 5,256 मीटर (17,244 फीट) की ऊंचाई पर एक रेलवे स्टेशन के निर्माण किए जाने की उम्मीद है।
टूटेगा चीन का रिकॉर्ड
अगर लद्दाख में प्रस्तावित इस स्टेशन को इतनी ऊंचाई पर बनाया जाता है, तो यह दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे स्टेशन बन जाएगा। यह चीन के तंगगुला रेलवे स्टेशन को पीछे छोड़ देगा, जिसके नाम अभी लगभग 5,068 मीटर की ऊंचाई पर स्थित होने का रिकॉर्ड है।
TOI की एक रिपोर्ट के अनुसार, प्रस्तावित रेलवे कॉरिडोर का सबसे बड़ा आकर्षण लद्दाख में तंगलांग ला दर्रे के नीचे बनने वाला स्टेशन है। लगभग 5,256 मीटर की ऊंचाई पर स्थित यह प्रस्तावित स्टेशन, चीन की छिंगहाई-तिब्बत रेलवे पर मौजूद तंगगुला रेलवे स्टेशन से काफी अधिक ऊंचाई पर होगा।
चीन का यह स्टेशन समुद्र तल से लगभग 5,068 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है और फिलहाल इसे दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे स्टेशन माना जाता है। प्रस्तावित भारतीय स्टेशन की ऊंचाई इससे लगभग 188 मीटर अधिक होगी।
रेल मंत्रालय ने बनाया DPR
रेल मंत्रालय ने इस अहम प्रोजेक्ट का सर्वे पूरा कर लिया है और DPR भी तैयार कर ली है। डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) के अनुसार, इस परियोजना पर लगभग 1.31 लाख करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। हालांकि, इस परियोजना को निर्माण के लिए जरूरी मंजूरी मिलनी बाकी है।



















