दिल्ली – नरेला इलाके में एक परिवार में खुशी का माहौल उस वक्त मातम में बदल गया जब पटाखा जलाने के दौरान हुए हादसे में एक 10 साल के बच्चे की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि बच्चा रॉकेट छोड़ रहा था, तभी रॉकेट उसके छाती में जा लगा.
इस दौरान गंभीर रूप से घायल बच्चे को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया. वहीं बच्चे की मौत से इलाके में मातम पसरा हुआ है.
छाती में लगा रॉकेट, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना बाहरी दिल्ली के नरेला थाना इलाका स्थित राजीव कॉलोनी की है. परिजनों के अनुसार, रविवार को दिवाली की पूजा के बाद परिवार के लोग पटाखे जला रहे थे. बच्चा भी आतिशबाजी कर रहा था.
इसी दौरान बच्चे ने रॉकेट जलाया, जो आसमान में जाने की बजाय उसके छाती में जा लगा जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया. हादसे के तुरंत बाद परिवार के लोग बच्चे को नरेला स्थित राजा हरिश्चंद्र अस्पताल ले गए. जहां, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
बेटे की मौत की खबर सुनकर पिता की तबीयत बिगड़ी
बच्चे की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया. उनका आरोप है कि इलाज में लापरवाही के कारण बच्चे की जान नहीं बचाई जा सकी. वहीं, बेटे की मौत की सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंचे उसके पिता की तबीयत भी बिगड़ गई.
घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है. फिलहाल पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले की जांच की जा रही है. पुलिस द्वारा घटना को लेकर आसपास के लोगों और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है.



















