इस दुनिया को दो हिस्सों में बंटा रहने दो। पहला चंद करोड़पतियों का हिस्सा जो हर आफत मुसीबत का सामना करने के बल पर एक छलांग लगा कर खरबपति हो जाता है, और दूसरा एक बड़ी दुनिया अपनी किस्मत का रोना रोते हुए वंचितों प्रवंचितों की दुनिया, जो अपने हिस्से की तरक्की करके गरीब से फटीचर होती जा रही है और इस अभागी जिंदगी का मुखड़ा बदलने के लिए मेहनत नहीं बल्कि खैरात के वायदों से आस लगाती है, और इसी आस में बकाया जीवन गुजार देती है। वही बाबा आदम के जमाने का सूत्र वाक्य दुहराते हुए, कि ‘अपना देश अमीर होता जा रहा है, जहां बसने वाले गरीबों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है’। ‘बाकी जो बचा वह महंगाई मार गई’ का पुराना गीत भी अब सुर से गाना सीख गई है। हमने पूछा, लेकिन जिस आजादी का अमृत महोत्सव पिछले दिनों यहां मनाया गया था, उसकी शुरुआत में तो एक वायदा किया गया था, कि देश में अमीर और गरीब का भेद खत्म कर दिया जाएगा, और एक समतावादी समाज की स्थापना की जाएगी। हां ऐसे भाषण इस उगते बरस की नई सुबह में हुए थे। हम भाषण जीवी और सपनाधारी लोग हैं, बार-बार इन भाषणों को सुन कर ताली बजाते हैं। सपना देख गदगद हो उठते हैं, और अजब धीरज के साथ जो घट रहा है उसे अपने कर्मों का फल मान कर बकाया जीवन गुजारने पर आमादा हो जाते हैं। धीरज इतना अधिक है कि कई बार यह शांति बहुत डरावनी लगती है, मुर्दा घर जैसी शांति का एहसास देने लगती है। तब कुछ नौजवान उर्फ असमय बूढ़े लोग उठते हैं, और दिन-दहाड़े सडक़ चलती बूढ़ी औरतों के कानों की बालियां और राह चलते लोगों के हाथों के मोबाइल छीन कर भाग जाते हैं। तब खड़े तालाब में पत्थर गिरने जैसी हलचल होती है। मीडिया में छपती खबरें सनसनीखेज होने लगती हैं, तो चौकसी करने वाले विज्ञप्ति जारी करते हैं, कि ‘हमारे छापों में इतने मोबाइल पकड़े गए।
छीनने वाले चंद लौंडे-लपाड़े गिरफ्तार हुए।’ फिर हस्बेमामूल माहौल उसी लय पर लौट आता है। मोबाइल छीनने वाले मोबाइल छीनते रहते हैं, कानों की बालियां नुचती रहती हैं। इसका समाधान बताने वाले लोग कहते हैं, ‘नए संकल्प करने का युग है। तुम भी पहला संकल्प कर लो, कि रात-बिरात अकेले नहीं निकलोगे। हाथों में बेपरवाही के साथ महंगे फोन नहीं पकड़ोगे, और कानों की सोने की बालियां खरीद कर उसे जारी किए जा रहे नए सोना बांडों में लगा दोगे।’ इसके दो लाभ होंगे। एक तो यह कि देश में नजर आने वाला स्वर्ण भंडार बढ़ेगा। हमारे राष्ट्र के नवनिर्माण के नाम पर विदेशी निवेशकों के काम आएगा और इधर अपने देश के कानून की अवस्था भी अपने आप सुधर जाएगी। प्रशासन की खाकी वर्दी को भी काम नहीं करना पड़ेगा। वह आराम से यातायात नियंत्रण की जगह सडक़ कानून तोडऩे वालों के चालान काटती जाएगी, और यूं शहरों को स्मार्ट बनाने में अपना योगदान दे सकेगी। देख लो यूं तुम्हारे एक संकल्प ने देश की इस गंभीर समस्या को हल कर दिया। लेकिन हमारे पास महंगे मोबाइल या पहनने को सोने की बालियां कहां हैं? असल समस्या तो रोजी-रोटी की है। नौकरी दिलाने वाली बंद खिड़कियों को खोलने की है। छक्कन ने समझाया, ‘अरे जो खिड़कियां बंद हैं, उन्हें खोलने की हुज्जत क्यों करते हो।’ तुम्हारे लिए नयी खिड़कियां खुल तो गई हैं, अनुकम्पा उदारता की खिड़कियां। देखो जिंदा रहने के लिए तुम्हें अनाज कितना सस्ता मिल जाता है। यहां शासन के कर्णधारों ने फिर संकल्प ले लिया है। देश चाहे कितनी बड़ी आर्थिक शक्ति बन जाए, सस्ते अनाज की यह उदारता बंद नहीं होगी। पहले अस्सी करोड़ में ऐसा अनाज बंटता था, अब ऐसा कल्याण पाने वालों की यह संख्या बढ़ा देंगे।


















