कोट्टायम | एक iPhone और मोटरसाइकिल खरीदने के लिए 13 साल की लड़की ने अपने ही नाना की हत्या की साजिश रच डाली। केरल के कोट्टायम में हुई इस वारदात में लड़की ने अपने तीन दोस्तों को भी शामिल किया। पुलिस की चार्जशीट में सामने आया है कि चारों नाबालिग करीब दो महीने तक इंस्टाग्राम के जरिए एक-दूसरे के संपर्क में रहे और हत्या की पूरी योजना बनाई। इतना ही नहीं, वारदात के बाद लड़कों ने वाट्सऐप कॉल पर लड़की को हत्या की जगह भी दिखाई थी।
इस मामले में पुलिस ने किशोर न्याय बोर्ड के सामने 740 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है। इसमें चार नाबालिगों को आरोपी बनाया गया है। इनमें दो लड़कों की उम्र 17 साल, एक की 16 साल और लड़की की उम्र सिर्फ 13 साल है।
iPhone और बाइक खरीदने के लिए बनाई हत्या की योजना
पुलिस की जांच के अनुसार, लड़की अपने लिए iPhone और अपने एक दोस्त के लिए मोटरसाइकिल खरीदना चाहती थी। इसी लालच में उसने अपने तीन दोस्तों के साथ मिलकर 67 साल के नाना की हत्या की योजना बनाई। पुलिस का दावा है कि इस साजिश पर करीब दो महीने तक काम किया गया। चारों आरोपी इंस्टाग्राम पर लगातार संपर्क में थे और वहीं से वारदात की तैयारी कर रहे थे।
बाथरूम की छत से घर में दाखिल हुए तीनों लड़के
पुलिस ने बताया कि 15 अगस्त की रात तीनों लड़के बुजुर्ग के घर पहुंचे। उन्होंने बाथरूम की छत की टाइल हटाई और वेंटिलेशन वाली जगह से घर के अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद उन्होंने बुजुर्ग के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और चेहरे पर बेडशीट दबाकर उन्हें बेहोश कर दिया।आरोपियों ने धोती से बुजुर्ग के हाथों को जांघों से बांध दिया और तौलिए से उनके पैर बांध दिए। चार्जशीट के अनुसार, इसके बाद उन्होंने बुजुर्ग को पैरों से कुचला और गर्दन व सिर पर हमला किया। इस दौरान किसी हथियार का इस्तेमाल नहीं किया गया। हमले में बुजुर्ग की मौत हो गई। आरोपी घर से करीब साढ़े चार सॉवरेन सोना भी लेकर फरार हो गए।
WhatsApp कॉल पर लड़की को दिखाई हत्या की जगह
इस वारदात का खुलासा 17 अगस्त को हुआ। पुलिस ने उसी दिन चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। जांच में सामने आया कि हत्या के बाद तीनों लड़कों ने वाट्सऐप कॉल के जरिए लड़की को वह जगह दिखाई, जहां उसके नाना की हत्या की गई थी। पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन से इंस्टाग्राम पर हुई बातचीत और दूसरी चैट बरामद की हैं।
हत्या वाले दिन ही एक्टिव हुआ था एक सिम कार्ड
पुलिस को आरोपियों के मोबाइल फोन से छह सिम कार्ड मिले हैं। इनमें से एक सिम कार्ड ऐसा था, जो सिर्फ हत्या वाले दिन ही एक्टिव हुआ था। साइबर विशेषज्ञों की मदद से इन सिम कार्ड की जानकारी जुटाई गई। चार्जशीट में पुलिस ने 87 गवाहों, 98 दस्तावेजों और 12 भौतिक साक्ष्यों का जिक्र किया है। इसके अलावा छह CCTV फुटेज भी अहम सबूत के तौर पर शामिल किए गए हैं। इन फुटेज में आरोपी हरिपाड रेलवे स्टेशन पर उतरते, बुजुर्ग के घर पहुंचते और वारदात के बाद वहां से निकलते दिखाई दे रहे हैं।
तीन लड़कों पर बालिगों की तरह चलेगा मुकदमा?
मामले में अभियोजन पक्ष ने तीनों लड़कों पर वयस्कों की तरह मुकदमा चलाने की मांग की है। अब किशोर न्याय बोर्ड इस पर फैसला करेगा। बोर्ड दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के साथ अपराध की गंभीरता, आरोपियों की सामाजिक पृष्ठभूमि और उनकी मानसिक स्थिति पर भी विचार करेगा। वहीं, 13 साल की लड़की का मामला किशोर न्याय बोर्ड में ही चलेगा। बोर्ड के फैसले के बाद ही तय होगा कि तीनों लड़कों पर आगे किस प्रक्रिया के तहत मुकदमा चलाया जाएगा।


















