बैंक KYC अद्यतन होने के बावजूद CPPC द्वारा अलग से आधार लिंकिंग की मांग पर जताई चिंता, संचालक ने तत्काल समाधान के दिए निर्देश

रायपुर। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने 13 नवंबर को संध्या 4 बजे प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव के नेतृत्व में संचालक पेंशन एवं भविष्य निधि छत्तीसगढ़, इफ़्फत आरा से भेंट कर प्रदेश के पेंशनरों को डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (जीवन प्रमाण पत्र) जमा करने में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों से अवगत कराया तथा इस संबंध में ज्ञापन सौंपा।

महासंघ ने बताया कि पेंशनरों के बैंक खातों में बैंकिंग नियमानुसार KYC / e-KYC अद्यतन होने के बावजूद बैंकों के सेंट्रल पेंशन प्रोसेसिंग सेंटर (CPPC) द्वारा पेंशन पोर्टल पर पृथक से आधार लिंकिंग की मांग की जा रही है। इसके कारण अनेक पेंशनरों को जीवन प्रमाण पत्र जमा करने एवं पेंशन संबंधी प्रक्रियाओं में अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने इस बात पर भी ध्यान आकृष्ट कराया कि आधार बैंक खाते से लिंक नहीं होने के बावजूद कई पेंशनरों का डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट सफलतापूर्वक जमा एवं स्वीकार हो जाता है। ऐसी स्थिति में बैंक खाते की KYC / e-KYC अद्यतन होने पर उसे पेंशन पोर्टल में मान्य किए जाने की व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि पेंशनरों को बार-बार बैंक शाखाओं के चक्कर न लगाने पड़ें।

प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि पेंशन पोर्टल एवं बैंकों के CPPC के बीच समन्वय स्थापित कर एक सरल एवं एकीकृत व्यवस्था बनाई जाए तथा प्रदेश के सभी बैंकों के CPPC को इस संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।

इस पर संचालक पेंशन एवं भविष्य निधि इफ़्फत आरा ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए पेंशन संचालनालय के अधिकारियों से चर्चा की तथा पेंशनरों की परेशानी का तत्काल समाधान करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

प्रतिनिधिमंडल में महासंघ के प्रांतीय महामंत्री द्वय अनिल गोल्हानी एवं प्रवीण कुमार त्रिवेदी तथा रायपुर जिला अध्यक्ष आर.जी. बोहरे शामिल थे।

उक्त जानकारी भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ के प्रदेश संगठन मंत्री टी.पी. सिंह ने जारी विज्ञप्ति में दी।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30