VIRAL VIDEO: थाईलैंड की चमचमाती सड़कें और वहां का ट्रैफिक अनुशासन देखकर एक भारतीय दंग रह गया. उसने सोशल मीडिया पर अपना यह अनुभव साझा करते हुए सीधे शब्दों में कहा है कि भारत को इन छोटे शहरों से बहुत कुछ सीखने की जरूरत है. यह वाकया थाईलैंड के चियांग माई (Chiang Mai) शहर का है. वीडियो बनाने वाला शख्स गाड़ियों और सफर से जुड़ा कंटेंट बनाता है. उसने अपने इंस्टाग्राम वीडियो में दिखाया कि चियांग माई जैसी जगह पर भी कितनी शांति, सफाई और अनुशासन है. हमारे भारतीय शहरों में जहां कदम-कदम पर गाड़ियों का शोर और हॉर्न की कानफाड़ू आवाजें सुनाई देती हैं, वहीं यहां की व्यस्त सड़कों पर भी सन्नाटा और अनुशासन था. उसने कहा कि हमारे देश में ऐसा कब होगा.
थाईलैंड का अनुशासन देखकर शॉक में इंडियन
वीडियो में कंटेंट क्रिएटर अक्षत श्रीवास्तव सड़क किनारे बैठकर दिखाता है, “मैं थाईलैंड के एक छोटे शहर में हूं, बैंकाक या फुकेत जैसे बड़े महानगर में नहीं. फिर भी यहां सड़क किनारे रत्ती भर कूड़ा नहीं है और न ही कोई बेवजह हॉर्न बजा रहा है. सब कायदे से गाड़ियां चला रहे हैं.” तभी वहां जेब्रा क्रॉसिंग पर एक पैदल यात्री को रास्ता देने के लिए एक चमचमाती टेस्ला कार रुकती है और अपनी हैजार्ड लाइट्स ऑन कर लेती है. यह देखकर वह भारतीय ब्लॉगर बोल पड़ता है, “क्या कमाल का सिविक सेंस है. वाकई लाजवाब.”


















