कैबिनेट की बैठक में वित्त विभाग से राशि आवंटित करने का किया आग्रह
रायपुर। छत्तीसगढ़िया सर्व समाज महासंघ के अध्यक्ष रमेश यदु ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं वित्त मंत्री से प्रदेश के प्राचीन एवं जर्जर मंदिरों के जीर्णोद्धार के लिए शासन स्तर पर तत्काल राशि स्वीकृत करने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री को पत्र भेजकर आगामी कैबिनेट बैठक में मंदिरों के जीर्णोद्धार के लिए बजट उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।
रमेश यदु ने पत्र में कहा कि छत्तीसगढ़ के अधिकांश जिलों से अनेक पुराने मंदिरों के जीर्णोद्धार के प्रस्ताव मंदिरों के कर्ताधर्ताओं एवं मंदिर समितियों द्वारा धर्मस्व विभाग में प्रस्तुत किए गए हैं। इन प्रस्तावों पर राशि स्वीकृति की प्रतीक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि जानकारी के अनुसार वित्त विभाग द्वारा अभी तक मंदिरों की व्यवस्था एवं जीर्णोद्धार के लिए बजट में पर्याप्त राशि का प्रावधान नहीं किया गया है, जो चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि राज्य उत्सव में बाहर से आए कलाकारों के मानदेय के लिए 25 से 30 लाख रुपये तक की राशि आवंटित की गई है, वहीं प्रदेश के प्राचीन मंदिरों के जीर्णोद्धार के लिए संबंधित विभाग को राशि उपलब्ध नहीं हो पाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सरकार से धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण को भी प्राथमिकता देने की मांग की।
रमेश यदु ने कहा कि प्रदेश में सनातन धर्मावलंबी आज भी मंदिरों के रखरखाव एवं जीर्णोद्धार का कार्य जनसहयोग से संचालित कर रहे हैं। लेकिन बढ़ती महंगाई के दौर में मंदिर समितियों के लिए बड़े निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्यों को जनसहयोग के माध्यम से पूरा करना कठिन होता जा रहा है। ऐसे समय में मंदिर समितियां शासन की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रही हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री से आग्रह किया कि आगामी कैबिनेट बैठक में मंदिरों के जीर्णोद्धार के लिए वित्त विभाग से आवश्यक राशि स्वीकृत कराई जाए, ताकि प्रदेश की प्राचीन धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण और विकास किया जा सके।


















