अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले हमारे शहर के कुछ युवा-मित्रों ने ‘पढ़ें, गुनें, मनन करें’ वाट्सएप समूह बना रखा है। इसमें हर सदस्य को प्रति सप्ताह रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होती है कि वह अभी कौन-सी पुस्तक पढ़ रहा है, कितने पृष्ठ पढ़ लिए हैं और इस पुस्तक का चयन करने की वजह क्या रही।

पुस्तक की विशेषताओं और सीमाओं पर भी अन्य सदस्यों से अपने विचार साझा करने होते हैं। अगर किसी सप्ताह कोई सदस्य कुछ नहीं पढ़ पाता, उसे दंड स्वरूप समूह के अन्य साथियों को उनकी पसंदीदा पुस्तकें भेंट करनी होती हैं।

साहित्यिक पुस्तकें ही हों, यह जरूरी नहीं। किसी भी विषय की स्तरीय पुस्तक हो सकती है। इस समूह में निजी व्यवसाय करने वाले, सामाजिक कार्यकर्ता, पत्रकार, शिक्षक, अलग-अलग विचारधारा के राजनेता और राजनीतिक कार्यकर्ता शामिल हैं। सबकी अपनी-अपनी व्यस्तताएं हैं। फिर भी वे अपनी पसंदीदा पुस्तक पढ़ने के लिए समय निकाल ही लेते हैं। पुस्तकें पढ़ना और पढ़कर उस पर विचार-विमर्श करना। पुस्तकें पढ़ने की रुचि बनाए रखने के ध्येय से लगभग एक वर्ष पूर्व इसकी शुरुआत की गई थी। तीन माह में एक हजार पृष्ठ यानी प्रतिदिन ग्यारह-बारह पृष्ठ पढ़ने का लक्ष्य निर्धारित है।

कार्य-क्षेत्र की प्रकृति सबकी एक जैसी नहीं होती, स्थितियां-परिस्थितियां भी एक जैसी नहीं होतीं, समस्याएं और उलझनें भी एक जैसी नहीं होतीं और हमारी खुशियों और उदासियों की वजह भी एक जैसी नहीं होती, इसके बावजूद अगर पुस्तक पढ़ने की हमारी प्रवृत्ति है, तो उसका सकारात्मक प्रभाव सब पर एक जैसा पड़ता है और वह है- संवेदनशीलता, मानसिक संबल और सोच-समझकर सही निर्णय लेने की दृष्टि। पढ़ने की प्रवृत्ति हमारी समझ का परिष्कार करती है। पुस्तक पढ़ने से हमारी जिज्ञासाओं का समाहार होता है, वही हमें प्रश्नाकुल भी बनाती हैं। पढ़ने से असहमतियां और असहमतियों से उपजे प्रश्न। उन प्रश्नों का समाधान भी पुस्तकों से ही संभव है।

पुस्तक पढ़ने के मायने मात्र साहित्यिक पुस्तकें पढ़ना नहीं, वरन सभी अनुशासनों की पुस्तकें पढ़ने से है। साहित्य, संस्कृति, इतिहास, धर्म, अध्यात्म, अर्थशास्त्र, विज्ञान, राजनीति, सामाजिक विज्ञान, तकनीक, औद्योगिकी समेत किसी भी क्षेत्र की विशद और सटीक जानकारियों से वे हमें बौद्धिक और मानसिक रूप से समृद्ध करती हैं। किताबें जिज्ञासा भाव जागृत करती हैं, जिज्ञासा के शमन के लिए हमें नई दृष्टि से चिंतन-मनन करने की प्रेरणा देती हैं।

नित नए संचार माध्यम आ रहे हैं, लेकिन पुस्तक संस्कृति का स्थान कोई नहीं ले सकता। उसकी महत्ता का ही करिश्मा है कि कृत्रिम मेधा (एआइ) मॉडल आने के बाद पुस्तकों की जैसे बाढ़ आ गई है। अमेरिका के एक विश्वविद्यालय के प्राध्यापकों के शोध से पता चला है कि तीन वर्ष पहले प्रति माह ई-बुक की संख्या एक लाख थी, वह बढ़कर अब तीन लाख हो गई है, लगभग तीन गुना अधिक।

आश्चर्यजनक रूप से पुस्तकों की बढ़ती संख्या से स्पष्ट है कि ये इंसानी लेखकों ने नहीं लिखीं हैं, बल्कि कृत्रिम मेधा से तैयार करवाई जा रही हैं। पचास हजार के लगभग पुस्तकों के विश्लेषण के बाद उन्होंने निष्कर्ष निकाला कि इंसानी लेखकों द्वारा लिखी पुस्तकों की तुलना में कृत्रिम मेधा की पुस्तकों की बिक्री कम रही और पाठकों ने भी उन्हें कम उपयोगी माना। इंसानी लेखक द्वारा सृजित पुस्तक में संवेग और संवेदना की जो गहराई होती है, तराश कर काम में लिए गए शब्द, शिल्प और कौशल की सोंधी-सोंधी महक का जो आनंद पाठकों को मिलता है, पढ़ते हुए वैसा अहसास कृत्रिम मेधा से तैयार पुस्तक से प्राप्त हो ही नहीं सकता।

मगर इस तरह यांत्रिक विधि से तैयार की जा रही पुस्तकें इस भ्रम को झुठलाती हैं कि पुस्तकें पढ़ी नहीं जा रहीं। पुस्तकें पढ़ी जा रही हैं, तभी इस तकनीक से तैयार की जा रही हैं। ‘जेन-जी’ को मोबाइल पर शॉर्ट या संक्षिप्त वीडियो देखना अब अरुचिकर लगने लगा है और पुस्तकें पढ़ने के प्रति उनकी रुचि भी बढ़ रही है। दक्षिण कोरिया के संस्कृति और खेल मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष पुस्तक पढ़ने वाले बीस से उनतीस वर्ष उम्र के पाठकों में वृद्धि हुई है।

पुस्तक पढ़ना मानसिक तनाव कम करना है। ब्राजील की जेल में सजा काट रहे कैदियों का मानना है कि पुस्तकें पढ़ने से उनका मानसिक तनाव कम हो रहा है। ब्राजील में जेलों में बंद कैदियों की सजा कम करने के लिए ‘पढ़ो कार्यक्रम’ चलाया हुआ है। कैदी द्वारा किसी पुस्तक को पढ़कर उसकी समीक्षा करने पर सजा कम होती है। एक पुस्तक की समीक्षा पर चार दिन की सजा से राहत मिल सकती है और एक वर्ष में अधिकतम पैंतालीस दिन तक सजा घट सकती है।

तख्तापलट के लिए सत्ताईस वर्ष की सजा काट रहे ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो सहित हजारों कैदी इस कार्यक्रम के अंतर्गत पुस्तकें पढ़कर उनकी समीक्षा कर अपनी सजा अवधि कम करने की कोशिश में हैं और पुस्तकें पढ़ने से उनका मानसिक तनाव भी कम हो रहा है। साथ ही अच्छे नागरिक बनने के भाव भी जन्म रहे हैं।

पढ़ी हुई पुस्तक या ग्रंथ पर चिंतन, मनन और विश्लेषण करने में ही पढ़ने की सार्थकता है। पढ़ना और भूल जाना या पढ़ना और उसे कंठस्थ कर लेना, लेकिन उसके भावार्थ का ज्ञान ही न होना, मात्र पढ़ना हुआ, गुनना नहीं। पढ़ते हुए जिज्ञासा का ऐसा भाव ही सही मायने में पढ़ना और उस पर गुनना है। पढ़े को हम गुनना सीख लेंगे, तब पढ़े का आनंद ही अद्भुत होगा। पढ़ने की आदत को हमें बनाए और बचाए रखना है। पढ़ने की यह आदत ही हमारे सीखने की संस्कृति बचाए रखेगी।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30