राष्ट्रीय जांच एजेंसी यानी एनआईए (National Investigation Agency – NIA) ने आज, बुधवार, 18 नवंबर को भारत में प्रतिबंधित संगठन खालिस्तान ज़िंदाबाद फोर्स (Khalistan Zindabad Force – KZF) के समर्थक सुरिंदर सिंह उर्फ ठिकरीवाल (Surinder Singh alias Thikriwal) को गिरफ्तार किया है। ठिकरीवाल को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (आईजीआई एयरपोर्ट) से गिरफ्तार किया गया है। उसे अमेरिका (United States of America) में हिरासत में लिया था और अमेरिकी सरकार के समन्वय से भारत लाया गया है। दिल्ली पहुंचते ही एनआईए ने उसे गिरफ्त में ले लिया।
एनआईए ने क्यों किया गिरफ्तार?
ठिकरीवाल की गिरफ्तारी इसी साल 27 अप्रैल को पंजाब में शाम्भू और राजपुरा स्टेशनों के बीच डीएफसीसीआईएल की रेलवे लाइन पर हुए धमाके से जुड़ी है। यह धमाका खालिस्तान ज़िंदाबाद फोर्स द्वारा पंजाब में दहशत फैलाने वाली गतिविधियों को बढ़ावा देने, सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने और राज्य में कानून-व्यवस्था को अस्थिर करने की साजिश का हिस्सा था। धमाके के बाद जब पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तब पता चला कि इस घटना के बाद ठिकरीवाल ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक वीडियो अपलोड किया था, जिसमें उसने इस धमाके की तारीफ की और इसमें शामिल लोगों का समर्थन किया। उसने धमाके के दौरान मारे गए आरोपी जगरूप सिंह को शहीद बताया और खालिस्तान ज़िंदाबाद फोर्स को ‘कौमी संगठन’ करार दिया। साथ ही उसने नामित खालिस्तानी आतंकी रंजीत सिंह उर्फ नीता को ‘कौम का जनरल’ बताया।
पहले भी गिरफ्तार हो चुका है ठिकरीवाल
2013 में ठिकरीवाल को बरनाला के आसपास खालिस्तानी गतिविधियों को बढ़ावा देने की कोशिशों में मास्टरमाइंड के रूप में चिह्नित किया गया था। 2015 में सोशल मीडिया के ज़रिए टारगेटेड किलिंग्स के लिए उकसाने के आरोप में उसे गैर-कानूनी गतिविधियाँ (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत गिरफ्तार किया गया था। हालांकि बाद में उसे जमानत मिल गई। 2022 तक उसके खिलाफ 15 से ज़्यादा आपराधिक मामले दर्ज हो चुके थे, जिसके बाद ठिकरीवाल देश छोड़कर भाग गया और ‘डंकी रूट’ से अमेरिका पहुंच गया। अमेरिका में रहते हुए ठिकरीवाल पंजाब और देश के बाहर खालिस्तान समर्थित मॉड्यूल्स को निर्देशित करने, हमलों और तोड़फोड़ की गतिविधियों का समन्वय करने, खालिस्तानी एजेंडा फैलाने, फंडिंग जमा करने जैसे कामों को अंजाम देता था।


















