नई दिल्ली : कांग्रेस ने मंगलवार को आरोप लगाया कि सरकार के ‘खराब आर्थिक प्रबंधन और जनविरोधी नीतियों’ के कारण महंगाई बेकाबू हो गई है लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी में ‘असंवेदनशीलता और अहंकार’ इस हद तक है कि इस ‘संकट’ के बीच भी उन्हें सिर्फ राजनीति की चिंता है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह भी कहा कि महंगाई के कारण आम लोगों का घरेलू बजट बिगड़ रहा है और कारखानों पर ताले लग रहे हैं, लेकिन सरकार लोगों को राहत देने के लिए कोई पहल नहीं कर रही है। 

रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दावा किया कि मोदी सरकार की आर्थिक बदइंतजामी और जनविरोधी नीतियों के कारण महंगाई ने आम जनता और कारोबारियों, दोनों की कमर तोड़ दी है। उन्होंने एक ताजा सर्वे का हवाला देते हुए कहा कि 61 प्रतिशत परिवारों का मासिक खर्च 20 प्रतिशत से अधिक बढ़ गया है, जबकि 74 प्रतिशत लोग गैर-जरूरी खर्चों में कटौती कर रहे हैं। वहीं, 50 प्रतिशत लोग जरूरी सामान की खरीदारी भी कम करने को मजबूर हैं। 

रमेश ने दावा किया कि पिछले एक साल में घी-तेल की कीमतों में 75 प्रतिशत, सब्जियों में 73 प्रतिशत, चावल, गेहूं और अन्य अनाज में 71 प्रतिशत, दूध एवं डेयरी उत्पादों में 65 प्रतिशत तथा दालों की कीमतों में 62 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। कांग्रेस नेता ने नोएडा के कपड़ा उद्योग की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि अमेरिकी शुल्क, महंगे कच्चे माल और सरकारी अनदेखी के कारण पिछले एक साल में वहां कपड़े की 200 फैक्टरियां बंद हो चुकी हैं। 

उन्होंने कहा, ‘महंगाई के सभी आंकड़े खतरे की घंटी बजा रहे हैं। जनता की थाली सिकुड़ रही है और कारखानों पर ताले लग रहे हैं।’ रमेश ने आरोप लगाया कि इस संकट के बीच भी प्रधानमंत्री को सिर्फ राजनीति की चिंता है और जनता की समस्याओं को स्वीकार कर उसे राहत देने के लिए कोई पहल नहीं की जा रही है। 

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30