1,786 के लक्ष्य के विरुद्ध 1,951 सुरक्षित प्रसव संपन्न, जिला चिकित्सालय में सर्वाधिक 710 प्रसव दर्ज

रायपुर – छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की स्वास्थ्यांक रिपोर्ट (अप्रैल-सितंबर 2026) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य की शीर्ष अचीवर्स श्रेणी में स्थान हासिल किया है। विशेष रूप से दुर्गम और दूरस्थ क्षेत्र माने जाने वाले अबूझमाड़ के इस जिले ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के साथ-साथ स्वास्थ्य बजट के बेहतर प्रबंधन में बड़ी सफलता पाई है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान अप्रैल से अक्टूबर 2026 तक यानी शुरुआती सात महीनों की अवधि में जिले को 1,786 संस्थागत प्रसव का लक्ष्य सौंपा गया था। स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता और जन-जागरूकता के कारण इस अवधि में 1,951 सुरक्षित प्रसव सफलतापूर्वक कराए गए, जो निर्धारित लक्ष्य का 109.26 प्रतिशत है। इतना ही नहीं, पूरे वित्तीय वर्ष के लिए रखे गए 3,061 के कुल लक्ष्य का 63.74 प्रतिशत हिस्सा सिर्फ इन सात महीनों में ही पूरा कर लिया गया है।

संस्थागत प्रसव के मामले में 109.26 प्रतिशत की उपलब्धि दर्ज

           छत्तीसगढ़ के आकांक्षी और दूरस्थ जिले नारायणपुर ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक बड़ी और प्रेरणादायक उपलब्धि हासिल की है। कलेक्टर श्रीमती नम्रता जैन के कुशल मार्गदर्शन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के नेतृत्व तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन के चलते जिले ने संस्थागत प्रसव के मामले में 109.26 प्रतिशत की उपलब्धि दर्ज की है। यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और दुर्गम वनांचलों के बावजूद सही रणनीति और मैदानी अमले की मेहनत से स्वास्थ्य सेवाओं को हर घर तक पहुंचाया जा सकता है।

       *मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय* ने नारायणपुर जिले की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा है कि नारायणपुर जिले के हमारे दुर्गम और वनाच्छादित अंचल अबूझमाड़ में स्वास्थ्य सेवाओं का यह विस्तार अत्यंत हर्ष का विषय है। हमारी सरकार का स्पष्ट विजन है कि राज्य के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति और हर गर्भवती माता तक बेहतर और सुरक्षित स्वास्थ्य सुविधाएं सुलभ हों। कलेक्टर, स्वास्थ्य विभाग के अमले, मितानिनों और पूरे मैदानी तंत्र की मेहनत से यह साबित हो गया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति से हर चुनौती को पार किया जा सकता है। यह विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में एक मजबूत कदम है।

दुर्गम अबूझमाड़ और वनांचलों तक पहुंची स्वास्थ्य सुविधाएं

     नारायणपुर जैसे संवेदनशील और वनाच्छादित क्षेत्र में गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव की सुविधा देना एक बड़ी चुनौती था। लेकिन स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं, मजबूत रेफरल परिवहन सुविधा और नियमित मॉनिटरिंग ने इस मुश्किल को आसान बना दिया। गांव-गांव में सक्रिय मितानिनों, ग्रामीण स्वास्थ्य अधिकारियों और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों ने घर-घर जाकर जागरूकता फैलाई, जिसका नतीजा यह रहा कि सुदूर अंचलों से भी महिलाएं अस्पतालों का रुख कर रही हैं।  नारायणपुर जिले के नारायणपुर विकासखंड में 1,618 और दुर्गम अबूझमाड़ क्षेत्र के ओरछा विकासखंड में 333 संस्थागत प्रसव संपन्न हुए हैं। 

स्वास्थ्य संस्थाओं की भूमिका और प्रमुख आंकड़े

    नारायणपुर जिला अस्पताल में सर्वाधिक 710 प्रसव दर्ज किए गए (केवल अक्टूबर माह में 125 सुरक्षित प्रसव), सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीएचसी ओरछा में 147 और छोटे डोंगर में 105 सहित कुल 252 प्रसव हुए। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पीएचसी धौड़ाई में 148 और बेनूर में 84 सहित कुल 324 प्रसव कराए गए। ग्रामीण क्षेत्रों के उप स्वास्थ्य केंद्रों में कुल 403 प्रसव हुए, इसमें ओरछा के दूरस्थ केंद्रोंकृआकाबेड़ा में 24, नेडनार में 20 और इहनार में 20 प्रसव शामिल हैं। निजी एवं स्वयंसेवी संस्थाओं में असीसी शांति अस्पताल में 169 और रामकृष्ण मिशन में 93 प्रसव (कुल 262 प्रसव) दर्ज किए गए।

सुरक्षित मातृत्व ही सर्वाेच्च प्राथमिकता

     इस शानदार सफलता पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक ने स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारियों-कर्मचारियों, मैदानी अमले, मितानिनों और एनएचएम की पूरी टीम को बधाई दी है। अधिकारियों ने कहा कि प्रत्येक गर्भवती महिला को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।

नारायणपुर जिले की यह सफलता इस बात की मिसाल है कि मजबूत इच्छाशक्ति और बेहतर प्रबंधन से किस तरह स्वास्थ्य संकेतकों में सुधार लाकर मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को प्रभावी ढंग से कम किया जा सकता है।

      *स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल* ने कहा है कि यह अत्यंत गर्व का विषय है कि नारायणपुर जिले ने संस्थागत प्रसव के मामले में 100 प्रतिशत से अधिक का लक्ष्य हासिल कर राज्य में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त किया है। सुदूर वनांचलों में जहाँ कभी स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को लेकर कठिनाइयां थीं, आज हमारी मितानिनों, ग्रामीण स्वास्थ्य अधिकारियों और चिकित्सकों के प्रयासों से महिलाएं जागरूक होकर अस्पतालों का रुख कर रही हैं। मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने की हमारी मुहिम में यह मील का पत्थर साबित होगा। पूरी स्वास्थ्य टीम को मेरी ओर से हार्दिक बधाई।
Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30