लखनऊ: यूजीसी के विरोध में इस्तीफा देने वाले तत्कालीन सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री के खिलाफ विभागीय जांच अब पूरी हो गई है। जांच अधिकारी शंभू कुमार ने उनके खिलाफ लगे तीनों आरोपों को सही पाया है। जांच अधिकारी ने आगे की कार्रवाई के लिए रिपोर्ट शासन को भेज दी है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि सरकारी सेवा में रहते हुए अलंकार अग्निहोत्री ने सरकार की नीति के खिलाफ टिप्पणी की और जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। जांच अधिकारी ने इसे सरकारी सेवक आचरण नियमावली का उल्लंघन बताया है।
अलंकार अग्निहोत्री पर लगे थे ये आरोप
अलंकार अग्निहोत्री ने अपने इस्तीफे और मीडियो को दिए इंटर्व्यू में यूजीसी रेगुलेशन-2026 की सार्वजनिक आलोचना करते हुए सरकार की तुलना अंग्रेजों की ‘फूट डालो और राज करो’ नीति से की थी। जांच अधिकारी ने अब अपनी रिपोर्ट में इसे सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली का उल्लंघन माना है।
सरकार पर जातिगत होने का लगाया था आरोप
इसके साथ ही अलंकार अग्निहोत्री पर आरोप था कि उन्होंने एक विशेष वर्ग का पक्ष लेते हुए सरकार पर जातिगत होने का आरोप लगाया था। जांच अधिकारी ने इस आरोप को भी सही पाया है। जांच अधिकारी की रिपोर्ट में कहा गया है कि सरकारी सेवा में रहते हुए उनकी सभी वर्गों के प्रति समान दृष्टिकोण रखने की जिम्मेदारी थी।
डीएम ऑफिस में किया था धरना-प्रदर्शन
वहीं, अलंकार अग्निहोत्री पर ये आरोप भी था कि उन्होंने अपने इस्तीफे के तुरंत बाद डीएम ऑफिस में धरना-प्रदर्शन और नारेबाजी की। जांच अधिकारी ने इस आरोप को भी सही पाया है और इसे आचरण नियमावली के नियम-5-क(1) और 7(1) का उल्लंघन माना है।
जांच के बाद शासन को भेजी गई रिपोर्ट
जांच पूरी होने पर अलंकार अग्निहोत्री ने कहा कि उन्होंने यूजीसी के विरोध में इस्तीफा दिया था। सरकार के खिलाफ की गई टिप्पणियां सरकारी रिकॉर्ड में अब दर्ज हो गई हैं। उन्होंने आगे कहा कि वह पहले ही इस्तीफा दे चुके हैं और सरकार अब उन्हें बर्खास्त करे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि यह देश का ऐतिहासिक आरोप पत्र और सरकारी अभिलेख रहेगा। वहीं, कमिश्नर शंभू कुमार ने कहा कि जांच के बाद रिपोर्ट को शासन को भेज दी गई है। इसके बाद आगे की कार्रवाई शासन स्तर पर ही की जाएगी।


















