ढाका: बांग्लादेश में शेख हसीना की प्रस्तावित वापसी को लेकर हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। इस बीच देश के पूर्व मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस, शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के खिलाफ मुहिम में लग गए हैं। रिपोर्ट से पता चलता है कि मोहम्मद यूनुस ने कुछ घंटों के लिए बांग्लादेश की एक गुप्त यात्रा की थी। इस दौरान उन्होंने NCP के नेताओं नाहिद इस्लाम और आसिफ महमूद के साथ बैठकें की थीं। यह पार्टी जुलाई 2024 में हसीना विरोधी आंदोलन का नेतृत्व करने वाले छात्र नेताओं ने बनाई है।
मोहम्मद यूनुस से मुलाकात के कुछ घंटे बाद ही 23 नवम्बर सोमवार को NCP के नेताओं ने प्रधानमंत्री तारिक रहमान के साथ बैठक की। शेख हसीना की वापसी की योजना के बीच तारिक रहमान विपक्षी दलों के साथ संवाद कर रहे हैं। इसके बाद उनके बांग्लादेश जमात-ए-इस्लामी के प्रतिनिधियों को भी बुलाने की योजना है।
अवामी लीग पर आतंकी ठप्पा लगाने की योजना
नॉर्थ ईस्ट न्यूज ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि मोहम्मद यूनुस ने बैठक के दौरान NCP नेताओं को सलाह दी कि वे सरकार के साथ संवाद में अवामी लीग के खिलाफ सख्त रुख अपनाएं। इसमें अवामी लीग पर प्रतिबंध लगाने की मांग भी शामिल है। चर्चाओं से ऐसा संकेत मिलता है कि योजना यह है कि अवामी लीग को आतंकवादी पार्टी घोषित करके उस पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया जाए।
NCP नेताओं के अलावा मोहम्मद यूनुस ने बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान और 11 पूर्व सलाहकारों के साथ भी लंबी बैठक की। मोहम्मद यूनुस ने इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल (ICT) के पूर्व मुख्य अभियोजक ताजुल इस्लाम से भी मुलाकात की। शेख हसीना के खिलाफ मानवता के खिलाफ अपराधों के मामलों की सुनवाई में ताजुल इस्लाम ने प्रमुख भूमिका निभाई थी। इस मामले में हसीना को मौत की सजा सुनाई गई थी। ताजुल इस्लाम जमात-ए-इस्लामी नेताओं के लिए भी मुकदमा लड़ चुके हैं।
ढाका से मलेशिया गए यूनुस
मोहम्मद यूनुस 23 नवम्बर की सुबह एक चार्टर्ड विमान से ढाका से मलेशिया के लिए रवाना हो गए। यह जेट मलेशिया के एक अरबपति व्यवसायी सैयद मोख्तार अल-बुखारी ने उपलब्ध कराया था। मोहम्मद यूनुस के साथ इन फ्लाइट में तीन और लोग थे- लामिया मोर्शिद, सब्बीर अहमद और साजिब एम खैरुल इस्लाम।
तारिक रहमान की NCP नेताओं से मुलाकात
सोमवार को ढाका के कैबिनेट डिवीजन सचिवालय में प्रधानमंत्री तारिक रहमान और NCP के चार सदस्यों वाले प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। इस डेलीगेशन की अगुवाई पार्टी के संयोजक नाहिद इस्लाम ने की। इसमें NCP के अख्तर हुसैन, हसनत अब्दुल्ला और अकरम हुसैन भी थे।
बांग्लादेश की सरकारी समाचार एजेंसी BSS ने बताया कि यह बैठक सोमवार दोपहर में हुई जो लगभग 40 मिनट तक चली। बैठक के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय के प्रवक्ता महदी अमीन ने कहा, “सत्ता से हटाई गई तानाशाही और फासीवादी ताकतों के खिलाफ सभी लोकतांत्रिक और तानाशाही-विरोधी राजनीतिक ताकतें एकजुट हैं।”
यूनुस की ग्रामीण बैंक पर हमले
यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब बांग्लादेश के अलग-अलग हिस्सों में बम विस्फोटों, आगजनी और हिंसा की खबरें आ रही हैं। बांग्लादेश ग्रामीण बैंक पर भी हमले किए गए हैं। इस बैंक की स्थापना मोहम्मद यूनुस ने ही की थी। सोमवार को मोहम्मद यूनुस ने कहा कि ग्रामीण बैंक की शाखाओं पर लगभग हर दिन हमले हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि “किसी उच्च स्तर पर बैठे व्यक्ति के इशारे पर” बैंक की शाखाओं को निशाना बनाया जा रहा है।


















