मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व एवं वित्त एवं पंजीयन मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी के मार्गदर्शन में पंजीयन सेवाओं को सरल, पारदर्शी और नागरिक-अनुकूल बनाने की पहल

एआई आधारित दस्तावेज लेखन, डिजिटल सत्यापन, ऑनलाइन भुगतान और अपॉइंटमेंट सहित अनेक आधुनिक सुविधाओं का प्रावधान

रायपुर के तेलीबांधा उप पंजीयक कार्यालय में पायलट परीक्षण प्रारंभ, प्रदेश के अन्य कार्यालयों में पंजीयन कार्य सामान्य

तकनीकी परीक्षण एवं आवश्यक सुधारों के बाद चरणबद्ध तरीके से प्रदेशभर में लागू होगा ‘धरोहर’ पोर्टल

रायपुर – मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व एवं वित्त एवं पंजीयन मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ में पंजीयन सेवाओं के आधुनिकीकरण और डिजिटल रूपांतरण की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। नागरिकों को सरल, सहज, सुरक्षित एवं पारदर्शी पंजीयन सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभाग द्वारा नवीन ‘धरोहर’ पोर्टल विकसित किया गया है। इस पोर्टल का पायलट परीक्षण रायपुर के तेलीबांधा स्थित उप पंजीयक कार्यालय क्रमांक-06 में प्रारंभ किया गया है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा शासकीय सेवाओं में आधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी क्रम में वित्त एवं पंजीयन मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी के मार्गदर्शन में पंजीयन विभाग की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और नागरिक-केंद्रित बनाने के लिए तकनीकी एवं प्रक्रियागत सुधार किए जा रहे हैं। ‘धरोहर’ पोर्टल इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से पंजीयन प्रक्रिया में आधुनिक डिजिटल सुविधाओं का समावेश कर नागरिकों के समय और श्रम की बचत करने का प्रयास किया जा रहा है।

पायलट प्रोजेक्ट का उद्देश्य नई प्रणाली का व्यावहारिक परीक्षण करना, तकनीकी चुनौतियों की पहचान करना तथा प्राप्त अनुभवों और सुझावों के आधार पर आवश्यक सुधार करना है, ताकि प्रदेश स्तर पर लागू करने से पहले पोर्टल को अधिक प्रभावी, सुरक्षित और उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाया जा सके।

चरणबद्ध तरीके से लागू होगी नई व्यवस्था, अन्य कार्यालयों में पंजीयन कार्य सामान्य

नई तकनीकी प्रणाली के सुचारु क्रियान्वयन के लिए पंजीयन विभाग द्वारा चरणबद्ध प्रक्रिया अपनाई जा रही है। वर्तमान में ‘धरोहर’ पोर्टल का पायलट परीक्षण रायपुर के तेलीबांधा स्थित उप पंजीयक कार्यालय क्रमांक-06 तक सीमित है। रायपुर जिले के अन्य पंजीयन कार्यालयों सहित प्रदेश के शेष कार्यालयों में पूर्व से संचालित एनजीडीआरएस सॉफ्टवेयर के माध्यम से पंजीयन कार्य सामान्य रूप से जारी रहेगा।

नई प्रणाली के पूर्ण परीक्षण और आवश्यक तकनीकी सुधारों के बाद ही इसे अन्य कार्यालयों में चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। इस दौरान पुरानी और नई व्यवस्था के बीच आवश्यक समन्वय बनाए रखा जाएगा, ताकि नागरिकों को पंजीयन सेवाएं प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। इससे पहले भी आईटी सॉल्यूशन और एनजीडीआरएस सॉफ्टवेयर लागू करते समय विभाग द्वारा इसी प्रकार चरणबद्ध प्रक्रिया अपनाई गई थी।

33 अधिवक्ताओं एवं 2 दस्तावेज लेखकों की आईडी अनुमोदित, ऑनलाइन अपॉइंटमेंट की सुविधा शुरू

‘धरोहर’ पोर्टल में अधिवक्ताओं एवं दस्तावेज लेखकों के पंजीयन और आईडी जारी करने की प्रक्रिया को सुरक्षित एवं पारदर्शी बनाया गया है। रायपुर जिले में अब तक आईडी अनुमोदन के लिए प्राप्त सभी आवेदनों को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इनमें 33 अधिवक्ताओं और 2 दस्तावेज लेखकों के आवेदन शामिल हैं।

विभाग द्वारा आवेदन प्राप्त होने पर उनका परीक्षण कर तत्काल अथवा यथाशीघ्र अनुमोदन किया जा रहा है। आईडी अनुमोदित होने के बाद संबंधित अधिवक्ता एवं दस्तावेज लेखक अपनी आईडी के माध्यम से ‘धरोहर’ पोर्टल पर पंजीयन कराने वाले पक्षकारों के लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त पोर्टल पर लाइसेंस के लिए ऑनलाइन आवेदन, नवीनीकरण और प्रोफाइल अपडेट करने जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से आसान होगी दस्तावेज तैयार करने की प्रक्रिया

‘धरोहर’ पोर्टल में नागरिकों की सुविधा के लिए आधुनिक तकनीक पर आधारित अनेक डिजिटल सुविधाओं का प्रावधान किया गया है। इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित डीड ड्राफ्टिंग, दस्तावेजों की शर्तों एवं प्रावधानों से संबंधित सुझाव और मॉडल डीड डाउनलोड करने जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इससे पंजीयन के लिए आवश्यक दस्तावेज तैयार करने की प्रक्रिया अधिक सरल और सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी।

इसके साथ ही आधार ई-केवाईसी आधारित डिजिटल सत्यापन और डिजिटल हस्ताक्षर की सुविधा भी प्रस्तावित है। इन सुविधाओं के माध्यम से पक्षकारों की पहचान का सत्यापन अधिक सुरक्षित तरीके से किया जा सकेगा तथा किसी अन्य व्यक्ति के रूप में पहचान प्रस्तुत करने और फर्जी पंजीयन की आशंका को कम करने में मदद मिलेगी।

संपत्ति का स्वचालित मूल्यांकन और ऑनलाइन भुगतान से बढ़ेगी पारदर्शिता

नवीन पोर्टल में संपत्ति के पारदर्शी मूल्यांकन एवं पंजीयन शुल्क की स्वचालित गणना का भी प्रावधान किया गया है। नागरिक स्टाम्प शुल्क और पंजीयन शुल्क का भुगतान यूपीआई, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग तथा एनईएफटी/आरटीजीएस के माध्यम से ऑनलाइन कर सकेंगे।

इससे नकद लेन-देन की आवश्यकता समाप्त करने के साथ ही भुगतान प्रक्रिया को अधिक सरल, सुरक्षित एवं पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी। डिजिटल भुगतान और स्वचालित गणना की सुविधा से नागरिकों को पंजीयन से संबंधित शुल्क की जानकारी प्राप्त करने में भी सहूलियत होगी।

पायलट परीक्षण से प्राप्त सुझावों के आधार पर होंगे आवश्यक सुधार

‘धरोहर’ पोर्टल के पायलट परीक्षण के दौरान प्राप्त अनुभवों, उपयोगकर्ताओं के सुझावों और तकनीकी फीडबैक के आधार पर आवश्यक सुधार किए जाएंगे। विभाग का उद्देश्य व्यापक स्तर पर लागू करने से पहले पोर्टल की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, सुरक्षित और नागरिक-अनुकूल बनाना है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सुशासन और नागरिक सुविधाओं के विस्तार तथा वित्त एवं पंजीयन मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी के मार्गदर्शन में विभागीय सेवाओं के आधुनिकीकरण की दिशा में ‘धरोहर’ पोर्टल एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके चरणबद्ध क्रियान्वयन से भविष्य में प्रदेश के नागरिकों, अधिवक्ताओं एवं दस्तावेज लेखकों के लिए पंजीयन प्रक्रिया को अधिक सरल, सुगम, सुरक्षित और पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30