रायपुर: छत्तीसगढ़ के पूर्व महाधिवक्ता, वरिष्ठ अधिवक्ता और प्रख्यात लेखक कनक तिवारी का 86 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। बुधवार को तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें दुर्ग के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। संविधान के जानकार और संवैधानिक मूल्यों पर व्यापक लेखन करने वाले कनक तिवारी का निधन संयोग से 26 नवंबर यानी ‘संविधान दिवस’ के दिन ही हुआ।
26 जुलाई 1940 को जन्मे कनक तिवारी छत्तीसगढ़ की सार्वजनिक और बौद्धिक जीवन की एक प्रमुख हस्ती थे, जिनकी पहचान केवल अदालत के गलियारों तक सीमित नहीं थी। उन्होंने एक प्राध्यापक, पत्रकार, अधिवक्ता और लेखक के रूप में समाज को अपनी सेवाएं दीं। उनके लेखन और सार्वजनिक कार्यों पर महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, डॉ. भीमराव अंबेडकर, राम मनोहर लोहिया और भगत सिंह के विचारों का गहरा प्रभाव था।
अंग्रेजी के प्रोफेसर से पत्रकारिता और वकालत का सफर
कनक तिवारी ने अपने पेशेवर करियर की शुरुआत अंग्रेजी साहित्य के प्रोफेसर के रूप में की थी। पत्रकारिता में कदम रखने से पहले उन्होंने करीब आठ से नौ वर्षों तक विभिन्न कॉलेजों में अध्यापन किया। इसके बाद वे प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया, नवभारत टाइम्स, नवभारत और नागपुर टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों से जुड़े रहे।
पत्रकारिता के साथ-साथ उन्होंने कानून की पढ़ाई भी जारी रखी और वर्ष 1971 में पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय से स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) के साथ एलएलबी की उपाधि प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने वकालत शुरू की और अपनी गहरी विद्वता के बल पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में वरिष्ठ अधिवक्ता बने।
2019 में महाधिवक्ता पद और इस्तीफे का चर्चित विवाद
जनवरी 2019 में भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार बनने के बाद कनक तिवारी को छत्तीसगढ़ का महाधिवक्ता नियुक्त किया गया था। हालांकि, जून 2019 में उनका कार्यकाल समाप्त हो गया और राज्य सरकार ने उनके स्थान पर सतीश चंद्र वर्मा को नियुक्त किया। इस पद से उनकी विदाई काफी चर्चा में रही थी। तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा था कि तिवारी ने इस्तीफा दे दिया है और उसे स्वीकार कर लिया गया है, लेकिन कनक तिवारी ने सार्वजनिक रूप से किसी भी इस्तीफे का पत्र सौंपने से इनकार कर दिया था। उन्होंने सवाल उठाया था कि जब उन्होंने इस्तीफा दिया ही नहीं, तो उसे स्वीकार कैसे किया जा सकता है।
मजदूर आंदोलन और आदिवासी अधिकारों के प्रखर समर्थक
कनक तिवारी छत्तीसगढ़ के मजदूर आंदोलन और इसके प्रमुख नेता शंकर गुहा नियोगी (जिनकी 1991 में हत्या कर दी गई थी) से जुड़े कानूनी मामलों में भी सक्रिय रूप से शामिल रहे। आदिवासी समाज की पीड़ा और उनके अधिकार उनके लेखन के केंद्र में रहे। उनका मानना था कि जल, जंगल और पहाड़ आदिवासी जीवन का आधार हैं और इन प्राकृतिक संसाधनों पर उन्हीं का अधिकार होना चाहिए।
उनकी चर्चित कृतियों में शामिल हैं:
- आदिवासी उपेक्षा की अंतर्कथा: ब्रिटिश हुकूमत से 21वीं सदी तक
- संविधान और हम भारत के लोग
- फिर से हिंद स्वराज
- बस्तर: लाल क्रांति बनाम ग्रीन हंट


















