मध्यप्रदेश- सिवनी जिले के उगली थाना क्षेत्र में गेहूं परिवहन के लिए जा रहे ट्रक की चपेट में आने से 45 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। बेटी की मौत की खबर सुनकर उसकी 75 वर्षीय मां भी सदमा बर्दाश्त नहीं कर सकीं और उनका भी निधन हो गया। एक ही परिवार में मां और बेटी की मौत से गांव में शोक का माहौल है।
बालाघाट की रहने वाले 45 वर्षीय खेलनबाई अपने रिश्तेदारों के यहां सिवनी आई हुई थी। इसी दौरान ट्रेक की चपेट में आने से मौके पर ही खेलनबाई की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित लोगों ने विरोध जताया, जिससे कुछ देर के लिए चक्काजाम जैसी स्थिति बन गई।
हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस
सिवनी में हादसा और चक्काजाम की सूचना मिलने पर उगली थाना प्रभारी दयाराम शरणागत पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। सिवनी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की और ग्रामीणों को समझाइश देकर स्थिति संभाली। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
पकड़ा गया आरोपी ट्रक चालक
सिवनी पुलिस ने ट्रक चालक नंदकिशोर नागपुरे (45 साल) को हिरासत में ले लिया है। साथ ही ट्रक जब्त कर थाने में खड़ा कराया गया है। तत्कालिक सहायता के रूप में ट्रक मालिक ने मृतका के परिवार को 20 हजार रुपये दिए हैं। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
बेटी की मौत की खबर सुनकर मां ने भी तोड़ा दम
इधर हादसे का सबसे दुखद पहलू यह रहा कि खेलनबाई की मौत की खबर उनकी 75 वर्षीय मां रामबती उइके सहन नहीं कर सकीं। ग्राम चिखली, थाना उगली निवासी रामबती अपनी बेटी के निधन की सूचना मिलने पर रघोटोला पहुंची थीं। बेटी की असामयिक मौत का गहरा सदमा लगने के बाद उनका भी निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार ग्राम चिखली में किया गया। सड़क हादसे में बेटी की मौत और फिर मां के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद से दोनों गांवों में शोक का माहौल है।


















