चेन्नई। सुप्रीम कोर्ट ने आज शुक्रवार को मदुरै के ‘दीपथून’ स्तंभ पर दीप जलाने के अपने आदेश का पालन न करने को लेकर तमिलनाडु सरकार को कड़ी फटकार लगाई।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा, ‘प्रथम दृष्टया यह राज्य सरकार द्वारा अदालत की अवमानना और जानबूझकर आदेश की अनदेखी का मामला है।’
कल दीपथून पर जलेगा दीपक
तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर दीपक जलाने को लेकर चल रहे विवाद के बीच सुप्रीम कोर्ट ने आदेश देते हुए कहा, ‘कल दीपाथून पर दीप जलाएं।’
सुप्रीम कोर्ट ने जोर देकर कहा कि उसके आदेशों का पालन किया जाना अनिवार्य है। कोर्ट ने मदुरै के अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर के ट्रस्टियों को निलंबित कर दिया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे ‘कल दीपथून पर दीप जलाना सुनिश्चित करें।
सुप्रीम कोर्ट आज उन अवमानना याचिकाओं और अन्य आवेदनों पर सुनवाई कर रहा था, जो ‘दीपथून’ स्तंभ पर पारंपरिक दीप न जलाए जाने से जुड़े विवाद के संबंध में दायर की गई थीं।
‘कोर्ट की अवमानना का मामला’
सुप्रीम कोर्ट की अनुमति के बावजूद, 24 नवंबर को ‘कार्तिगई दीपम’ केवल तिरुप्परनकुंद्रम के पारंपरिक ‘उचि पिल्लयार मंडपम’ में जलाया गया, न कि ‘दीपथून’ पर।
सुनवाई शुरू होते ही, शीर्ष अदालत ने स्पष्ट किया कि वह मुख्य मामले में नहीं जाएगी, बल्कि अपना ध्यान केवल 20 नवंबर के उस आदेश के उल्लंघन पर केंद्रित रखेगी, जिसमें 24 नवंबर को एक बार के उपाय के तौर पर ‘दीपथून’ पर ‘कार्तिगई दीपम’ जलाने की अनुमति दी गई थी।तमिलनाडु सरकार ने बुधवार को ‘दीपथून’ पर पारंपरिक दीप न जलाए जाने को लेकर सुप्रीम कोर्ट से माफी मांगी और इसके लिए अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर के अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया।
‘दीपक न जलाने के लिए मंदिर ट्रस्ट जिम्मेदार’
याचिकाकर्ताओं और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के वकील ने इसे ‘गंभीर अवमानना’ का मामला बताते हुए सुप्रीम कोर्ट से ट्रस्टियों को हटाने की मांग की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रस्टियों ने कोर्ट के आदेश का पालन नहीं किया है।
ASI की ओर से पेश हुए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने दलील देते हुए कहा, ‘मेरी मांग है कि जिन लोगों पर अवमानना का आरोप है, उनकी बात सुनने से पहले यह सुनिश्चित किया जाए कि दीपक उसी जगह जलाया जाए, जहां उसे जलाया जाना था।’
कोर्ट ने अधिकारियों को लगाई फटकार
कोर्ट ने कहा, ‘प्रशासन का बर्ताव अदालत के आदेश की जानबूझकर और बेशर्मी से की गई अवहेलना को दिखाता है। प्रशासन की जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारियों का बर्ताव, कम से कम मदुरै जिले में, तमिलनाडु के प्रशासनिक हालात में अराजकता को साफ तौर पर दर्शाता है।’
अदालत ने कहा कि मदुरै के जिला कलेक्टर, HR&CE विभाग के डिप्टी कमिश्नर (जो मंदिर के कार्यकारी अधिकारी के रूप में काम करते हैं), बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज और अन्य अधिकारियों के खिलाफ अदालत की अवमानना का मामला बनता है, जिनकी भूमिका रिकॉर्ड से स्पष्ट होती है।
अदालत ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव को निर्देश दिया है कि वे ‘दीपक’ (दीपम) मामले से जुड़ी बैठकों, संदेशों और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जानकारी देते हुए एक हलफनामा दाखिल करें। मुख्य सचिव को अदालत के सामने व्यक्तिगत रूप से पेश होने के लिए भी कहा गया है।


















