लंदन। दुनिया के सात अजूबों में शुमार ताजमहल से जुड़ी एक चीज की नीलामी होने वाली है। फूलों के बॉर्डर वाली संगमरमर की स्लैब अगले महीने ब्रिटेन में नीलाम होगी।
संगमरमर की स्लैब (पट्टी) के बॉर्डर पर पर फूलों की डिजाइन इतनी खूबसूरती से बनी है कि देखने वाले इसे देखते ही रह जाते हैं। यह आयताकार स्लैब उन दो स्लैब में से एक है, जिन्हें कर्नल पाउनोल फिप्स ने 1816 में हासिल किया था। उस समय वे आगरा और उसके आसपास की इमारतों की मरम्मत के काम के अधीक्षक (सुपरिंटेंडेंट) थे।
24 लाख से शुरू हो सकती है बोली
इस स्लैब के लिए 20,000 से 30,000 पाउंड (लगभग 24-36 लाख भारतीय रुपये) तक की बोली लगने का अनुमान है। इसे नौ दिसंबर को ‘ल्योन एंड टर्नबुल’ ऑक्शन हाउस द्वारा आयोजित ‘इस्लामिक और भारतीय कला’ की नीलामी में पेश किया जाएगा।
नीलामी से जुड़े दस्तावेजों के अनुसार, “इस संगमरमर की स्लैब के साथ ताजमहल की एक पुरानी ब्लैक-एंड-व्हाइट तस्वीर और दो पत्र भी हैं। इनमें से एक कर्नल पाउनोल के पोते द्वारा छपवाया गया था, और दूसरा ‘मार्क्विस ऑफ बाथ’ द्वारा हाथ से लिखा गया था।”
ताजमहल के तहखाने से मिली थी स्लैब
कर्नल के बेटे के संस्मरणों में बताया गया है कि उनके पिता को ये स्लैब ताजमहल के एक ‘भूमिगत हिस्से’ (तहखाने) में मिली थीं। उस समय उन्हें लगा था कि ये स्लैब मुगलकालीन इस ऐतिहासिक स्मारक की मरम्मत के काम के लिए थीं।
सेना में रहा परिवार
कर्नल पॉनोल फिप्स का जन्म 1780 में इंग्लैंड के डेवोन में हुआ था। 17वीं सदी की शुरुआत से ही उनके परिवार में लोग सैनिक रहे थे। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए वे 1799 में ईस्ट इंडिया कंपनी की बंगाल सेना में कैडेट के तौर पर शामिल हुए। मिस्र में सैनिकों के साथ लड़ाई लड़ने के बाद, फिप्स भारत लौट आए।
मिली ताजमहल के देखभाल की जिम्मेदारी
औपनिवेशिक दौर में अन्य जिम्मेदारियों के साथ-साथ, उन पर ताजमहल और अन्य ऐतिहासिक इमारतों की देखभाल की जिम्मेदारी भी थी। नीलामीकर्ताओं के नोट के अनुसार, “उन्होंने इस काम को बहुत गंभीरता से लिया। कई बार उन्हें उन यूरोपीय लोगों को रोकने के लिए बुलाया जाता था, जो यादगार के तौर पर कुछ न कुछ ले जाना चाहते थे और इस चक्कर में इमारतों को नुकसान पहुंचाते थे।
उनके बेटे ने लिखा है कि, ‘एक बार उन्हें ताजमहल बुलाया गया, जहां एक अंग्रेज महिला, पहरेदार के मना करने के बावजूद, स्टील के कांटे (फोर्क) से संगमरमर में जड़े कीमती पत्थरों (एगेट) को निकालने की जिद कर रही थी’।”
भारतीय कला में थी रुचि
बाद में कोलकाता जाने के बाद से भी समय के साथ उनकी रुचि भारतीय कला और वास्तुकला में बनी रही। 1823 में वे अपने परिवार के साथ ब्रिटेन लौट गए, जहां 1858 में उनका निधन हो गया। यह स्लैब (पत्थर की पट्टिका) 200 से अधिक वर्षों तक उनके परिवार के संग्रह में रही।
बहुत ही खूबसूरत है स्लैब
इस स्लैब की सजावट बहुत ही बेहतरीन है। इसके फूलों वाले बॉर्डर का डिजाइन, ताजमहल में शाहजहां के समाधि-स्थल (सेनोटैफ) के ऊपरी समतल हिस्से के किनारे पर बनी नक्काशी से लिया गया है। यह नक्काशी 1666 में शाहजहां की मृत्यु के बाद की गई थी।


















