अहमदाबाद: गुजरात आतंकवाद निरोधी दस्ते (ATS) ने एक ऑपरेशन के दौरान जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के एक संदिग्ध सदस्य को गिरफ्तार किया है। वह वडोदरा स्थित एयर फोर्स स्टेशन पर हमले की साजिश रच रहा था। आरोपी की पहचान असम के रहने वाले 22 वर्षीय मोहम्मद सहरुल इस्लाम कबीरूद्दीन के रूप में हुई है, जिसे वडोदरा से गिरफ्तार किया गया। ATS अधिकारियों के अनुसार, उसके पास से एक असॉल्ट राइफल, गोला-बारूद और जैश-ए-मोहम्मद का झंडा बरामद किया गया है। ATS के मुताबिक, सहरुल पाकिस्तान में बैठे अपने हैंडलर, मुफ्ती रफीक उर्फ इब्न अब्दुल्ला के संपर्क में था।
एजेंसी को खुफिया जानकारी मिली थी कि सहरुल राज्य के किसी महत्वपूर्ण सुरक्षा प्रतिष्ठान पर हमले की योजना बनाने और तैयारी करने के लिए दो-तीन दिनों के भीतर गुजरात पहुंचने वाला है।
रेलवे स्टेशन के पास होटल में रुका
ATS की टीमों ने तकनीकी निगरानी और अपने सूत्रों के जरिए इस जानकारी की पुष्टि की। जांच के दौरान, अधिकारी सयाजीगंज रेलवे स्टेशन के पास स्थित ‘होटल मिलान’ पहुंचे। वहां होटल स्टाफ ने बताया कि एक संदिग्ध मेहमान बिना चेक-आउट किए सुबह करीब 9 बजे होटल से चला गया था। होटल के रिकॉर्ड से उसकी पहचान सहरुल के रूप में हुई।
नाकेबंदी कर तलाशी
बाद में तकनीकी निगरानी से पता चला कि वह दाहोद से वडोदरा की ओर आ रहा है। इसके बाद ATS की टीम ने गोल्डन चौकड़ी के पास हलोल-वडोदरा रोड पर नाकेबंदी की और वाहनों की तलाशी लेनी शुरू कर दी। अधिकारियों ने बताया कि सहरुल को वडोदरा के बाहरी इलाके में, होटल दर्शन के पास पलदी बस स्टैंड के निकट पकड़ लिया गया।
एयरफोर्स स्टेशन था टारगेट पॉइंट
तलाशी के दौरान, ATS की टीम ने एक AK-47 राइफल, दो खाली मैगजीन, 23 जिंदा कारतूस, जैश-ए-मोहम्मद का एक झंडा, सिम कार्ड वाले दो मोबाइल फोन और लगभग 20,000 रुपये नकद बरामद किए। अधिकारियों ने बताया कि फोन की शुरुआती जांच में व्हाट्सएप चैट और एयर फोर्स स्टेशन वडोदरा तथा अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की तस्वीरें मिली हैं। कुछ तस्वीरों में गेट के ऊपर लाल रंग से क्रॉस का निशान बना हुआ था। ATS के अनुसार, आरोपी ने इन जगहों को अपने ‘टारगेट पॉइंट’ के रूप में चिह्नित किया था।


















