जयपुर: जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में रविवार को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक साथ बैठकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 140वां संस्करण सुना। इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, प्रदेश महामंत्री अजय जामवाल, उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी सहित कई जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट साझा कर ‘मन की बात’ में आए विषयों और प्रदेश में चल रहे कार्यों का जिक्र किया।
ऊंटनी के दूध से चॉकलेट और नए नवाचारों का जिक्र
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने पोस्ट में उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ में भारतीय चॉकलेट उद्योग की बढ़ती वैश्विक पहचान और इस क्षेत्र में हो रहे नवाचारों का जिक्र किया है।
प्रधानमंत्री जी ने ऊंटनी के दूध से चॉकलेट निर्माण, स्थानीय उद्यमियों के नए प्रयोगों और भारतीय चॉकलेट की बढ़ती मांग के माध्यम से किसानों, महिलाओं एवं युवा उद्यमियों के लिए सृजित हो रहे नए अवसरों को रेखांकित किया।
सीएम भजनलाल शर्मा x पोस्टऊंटनी के दूध से चॉकलेट जैसे अनोखे प्रयोग का जिक्र राजस्थान के रेगिस्तानी और पशुपालन परिवेश से भी जुड़ता दिखता है, जिससे यह मुद्दा और दिलचस्प बन जाता है।
iGOT कर्मयोगी’, साइबर सुरक्षा और नशामुक्ति का संदेश
सीएम ने बताया कि ‘मन की बात’ में नशे के दुष्प्रभावों से बचाव के लिए युवाओं को नशामुक्ति का संकल्प लेने, सरकारी कर्मचारियों के कौशल विकास और ‘संचार साथी’ के जरिए मोबाइल सुरक्षा व साइबर ठगी से बचाव जैसे विषयों पर विचार साझा किए गए। इसके साथ ही फिट इंडिया के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और खेलों में भारत की उपलब्धियों पर भी बात हुई।
डबल इंजन सरकार के कार्यों पर क्या बोले सीएम?
जयपुर में सामूहिक रूप से कार्यक्रम सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं को भी ‘मन की बात’ के संदेशों से जोड़ा। उन्होंने लिखा, ‘प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में हमारी डबल इंजन सरकार युवाओं के सशक्तीकरण, कौशल विकास, डिजिटल सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं खेलों को प्रोत्साहन देने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।’


















