नई दिल्ली। केरल के बाद महाराष्ट्र में मानसून ने दस्तक दे दी है। दक्षिण पश्चिम मानसून के कारण राज्य के कुछ तटीय इलाकों में बारिश हो रही है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार 15 जून तक दक्षिण पश्चिम मानसून के ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों और बिहार में पहुंचने की संभावना है।
महाराष्ट्र में मानसून ने दी दस्तक
महाराष्ट्र में शनिवार को पहुंचे दक्षिण पश्चिम मानसून के कारण राज्य के कुछ तटीय इलाकों में बारिश हो रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के क्षेत्रीय केंद्र की निदेशक शुभांगी भुते ने कहा कि मानसून उम्मीद के मुताबिक रहा है। उन्होंने कहा कि दक्षिण पश्चिम मानसून महाराष्ट्र में पहुंच गया है। यह औपचारिक रूप से तटीय रत्नागिरी जिले में हरनाई बंदरगाह में पहुंच गया है। इसके दस्तक देने का वास्तविक क्षेत्र सोलापुर तथा मराठावाड़ा के कुछ हिस्सों तक और उसके बाद तेलंगाना एवं आंध्र प्रदेश तक होता है।
इन राज्यों में भी बारिश की संभावना
मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के अनुसार पूर्वोत्तर भारत, केरल, तटीय कर्नाटक और तमिलनाडु के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, कोंकण और गोवा, गुजरात क्षेत्र, दक्षिणपूर्व राजस्थान, तेलंगाना और रायलसीमा में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक दो स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश, शेष मध्य प्रदेश, सिक्किम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और पश्चिमी हिमालय में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तर और पश्चिमी राजस्थान में धूल भरी आंधी आ सकती है।ओडिशा, छत्तीसगढ़ और दक्षिण-मध्य उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।



















