जैजैपुर नगर सहित क्षेत्र के गांवों में उमस वाली गर्मी के साथ विद्युत व्यवस्था को लेकर आम जनता परेशान है। भीषण गर्मी के मौसम में बिजली की आंख मिचौली की समस्या से नगर के साथ-साथ ग्रामीण अंचल के लोग भी खासा परेशान व त्रस्त है।
नगर में प्रतिदिन कई बार लोगो को अघोषित कटौती का सामना करना पड़ता हैं। लोगों का कहना है कि तेज धूप व उमस ने सभी को परेशान करके रखा है, ऊपर से बिजली की आंख मिचौली व अघोषित कटौती इस समय आग में घी डालने का काम करती है। रात हो या दिन किसी भी वक्त बिजली गुल हो जाती है, एक दिन में आठ से दस बार बिजली गुल होना आम बात हो गई है। रात के वक्त लो वोल्टेज के कारण कूलर व पंखे काम करना बंद कर देते है। बिजली की इस आंख मिचौली के कारण छोटे-छोटे बच्चों को ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ता हैं।
क्षेत्र में कब बिजली आएगी और कब कटेगी, इसका कोई समय-सारणी ही नहीं है। बिजली कटौती ने लोगों का जीना हराम कर दिया है। बावजूद इसके बिजली विभाग द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। यह स्थिति क्षेत्र में लगातार बनी हुई है। गर्मी के मौसम में लोगों को नियमित रूप से बिजली नहीं मिलने से परेशानी और भी बढ़ गई है
बसपा विधायक केशव चन्द्रा ने लगातार पत्र लिखकर अवगत कराया गया है कि बिजली की बिना सूचना कटौती काटा जा रहा है। बिजली बिल ज्यादा भेजा जा रहा है, जिससे खासा परेशान आम जनता को कर दिया है। इस समस्या का समाधान नही किया गया तो कभी भी उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई है।


















