What's Hot


विकासखंड में स्वास्थ्य विभाग ने 45 प्लस श्रेणी में छुआ 100 फीसदी का आंकड़ा

राजनांदगांव। कोरोना टीकाकरण के मामले में जिले में अब बेहद उत्साहजनक नतीजे आने लगे हैं। टीकाकरण के प्रति जहां लोग जागरूकता का परिचय दे रहे हैं, वहीं अक्टूबर माह में किए गए टीकाकरण में खैरागढ़ विकासखंड में कुल 32,001 डोज लगाए गए हैं। साथ ही विकासखंड में स्वास्थ्य विभाग ने 45 प्लस श्रेणी में 100 फीसदी का आंकड़ा भी प्राप्त कर लिया है। कोरोना टीकाकरण के मौजूदा आंकड़े के अनुसार स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों से लोगों में अब काफी जागरुकता देखी जा रही है। कोरोना संक्रमण को पूरी तरह मात देने के लिए लोग खुद भी घर से निकलकर टीका लगवाने के लिए टीकाकरण केंद्र पहुंच रहे हैं। टीकाकरण को लेकर ग्रामीण क्षेत्र के लोगों में भी काफी उत्साह है। इससे पहले वैक्सीनेशन प्रक्रिया शुरू किए जाने के दौरान जनवरी माह में बनाए गए लक्ष्य के मुताबिक 45 प्लस वालों में तय लक्ष्य 43,787 को वैक्सीन लगाए जाने के सापेक्ष स्वास्थ्य विभाग ने अक्टूबर माह खत्म होने के दौरान कुल 43,976 लोगों का वैक्सीनेशन कर लिया है। दूसरे डोज में भी ब्लाक में रिकार्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अक्टूबर में सबसे ज्यादा 19,969 लोगों को दूसरा डोज लगाया गया है। अक्टूबर माह में वैक्सीनेशन अभियान के तहत 18 प्लस वालों में माह भर में 9,737 लोगों को पहला डोज और 13,194 लोगो को दूसरा डोज लगाया जा चुका है। इस वर्ग में अब 22,000 लोग ही टीकाकरण के लिए शेष हैं। इस दौरान अक्टूबर माह के पहले वैक्सीनेशन नही कराने वालों की संख्या 32,000 से अधिक थी। इस वर्ग में अब तक तय लक्ष्य के मुताबिक 76 फीसदी लोगों को पहला डोज और 27 फीसदी लोगों को दूसरा डोज लगाया जा चुका है।


इस संबंध में खैरागढ़ बीएमओ डा. विवेक बिसेन ने बताया, कलेक्टर तारण प्रकाश सिन्हा के निर्देशन व मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. मिथिलेश चौधरी के कुशल मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग के द्वारा विकासखंड में शत-प्रतिशत टीकाकरण के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। समय-समय पर जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। टीकाकरण की सतत मानिटरिंग भी की जा रही है। वहीं ग्रामीणों को टीका लगवाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। ऐसे ही समन्वित प्रयासों का नतीजा है कि खैरागढ़ विकासखंड में स्वास्थ्य विभाग ने 45 प्लस श्रेणी में सौ फीसदी टीकाकरण का लक्ष्य प्राप्त कर लिया है।
45 प्लस में पूरा हुआ पहला डोज का लक्ष्य
खैरागढ़ विकासखंड में 45 प्लस वालों में पहला डोज का लक्ष्य पूरा कर लिया गया है। इस वर्ग में प्रांरभिक लक्ष्य के अनुसार 43,787 लोगों को डोज दिया जाना था, अक्टूबर माह में इस लक्ष्य को पूरा करने के साथ ही लक्ष्य से अधिक 43,976 को पहला डोज दिया जा चुका है। दूसरा डोज लगाने के मामले में भी इस वर्ग के लोगों ने बेहतर उत्साह दिखाया। 6,775 लोगों ने दूसरा डोज लगवाया। इस वर्ग में दूसरे डोज के लिए अब केवल लगभग 14 फीसदी लोग ही बाकी हैं।

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930