बुंदेलखंड के महोबा में शनिवार को कांग्रेस पार्टी की रैली को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने मोदी और योगी सरकार पर कई हमले किए. प्रियंका गांधी ने अपने संबोधन में सरकार बनने पर यूपी के किसानों की कर्जमाफी का ऐलान किया. उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में खाद नहीं मिलने से किसानों की मौत हुई. किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिलता है. इसके बावजूद केंद्र और राज्य की बीजेपी सरकार किसानों के लिए कुछ नहीं कर रही है. सिर्फ झूठी घोषणाएं करती हैं.
महोबा की रैली में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि महोबा के पान का क्या हुआ? महोबा की मूंगफली के लिए क्या किया गया? यहां के लोगों के लिए क्या किया गया? यह सवाल आपको सरकार से पूछना चाहिए. लॉकडाउन में लोगों को पैदल चलाया. कांग्रेस ने बस भेजी तो उसे चलने नहीं दिया. आज इनकी रैलियों में सरकारी बसें लगाई जा रही हैं. जब लोग पैदल चल रहे थे तब सारी बसें कहां थीं?



















