
रायपुर। भोपाल में आयोजित आठवें इंडियन एसोसिएशन ऑफ प्रीवेंटिव एंड सोशल मेडिसिन (आईएपीएसएम) के साउथ सेंट्रल जोन सम्मेलन में पंडित जवाहर लाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय रायपुर के प्रोफेसर डॉ. निर्मल वर्मा को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। एल. एन. चिकित्सा एवं अनुसंधान संस्थान भोपाल के प्रांगण में आयोजित इस सम्मेलन में पब्लिक हेल्थ के क्षेत्र में बेहतर तथा प्रशंसनीय कार्य करने हेतु प्रोफेसर डॉ. कमलेश जैन को भी डॉ. एम. सी. मित्तल सम्मान से सम्मानित किया गया। इस दौरान पब्लिक हेल्थ विशेषज्ञ स्व. डॉ. एम. सी. मित्तल तथा स्व. डॉ. वी. बी. सक्सेना सम्मान से सम्मानित तथा पब्लिक हेल्थ में लम्बे समय तक अति विश्वसनीय एवं उल्लेखनीय कार्य करने वाले लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से चयनित विषय विशेषज्ञों को भी सम्मानित किया गया। इंडियन एसोसिएशन ऑफ प्रीवेंटिव एंड सोशल मेडिसिन (आईएपीएसएम), पी. एस. एम. विशेषज्ञों का संगठन है। वर्तमान में प्रीवेंटिव एंड सोशल मेडिसिन को कम्युनिटी मेडिसिन तथा साधारण बोलचाल की भाषा में जनस्वास्थ्य यानी पब्लिक हेल्थ के नाम से भी जाना जाता है। तीन दिवसीय सम्मेलन में स्वास्थ्य के ज्वलन्त विषयों एवं सुझावों पर विश्लेषण कर चर्चा की गई। अनुभवी विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न शोध पेपर पढ़े गये। शोध पेपर पढ़ने की श्रृंखला में मेडिकल कॉलेज रायपुर के चिकित्सा शिक्षकों एवं स्नातकोत्तर छात्रों द्वारा कुल 09 शोध पेपर पढ़े गए। इस सम्मेलन में पब्लिक हेल्थ एवं कम्युनिटी मेडिसिन के विभिन्न विषय विशेषज्ञ, केन्द्र एवं राज्य सरकार के अधिकारी गण तथा मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ के समस्त शासकीय व निजी चिकित्सा महाविद्यालय के सामुदायिक चिकित्सा विभाग के शिक्षक गण एवं स्नातकोत्तर छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रो. डॉ. कमलेश जैन वर्तमान में संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं छ.ग. में तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के राज्य नोडल अधिकारी हैं। उन्होंने तंबाकू को नियंत्रित करने एमपॉवर रणनीति को लेकर व्याख्यान दिया तथा इंडियन एसोसिएशन ऑफ प्रीवेंटिव एंड सोशल मेडिसिन के सभी सदस्यों को इस दिशा में कार्य करने के लिए आग्रह किया। देश एवं राज्य में महामारी एवं अन्य जन स्वास्थ्य के मुद्दे को प्रभावी तरीके से सुलझाने के लिए सम्मेलन में पब्लिक हेल्थ कैडर विशेषज्ञों के पदों की संरचना एवं निर्माण पर जोर देने के लिए सबने अपना अभिमत दिया।


















