गरियाबंद। कलेक्टर दीपक अग्रवाल ने जिला पंचायत सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में गौरव गरियाबंद अभियान के तहत जिले के हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों के अर्द्धवार्षिक परीक्षा परिणामों की विस्तृत समीक्षा की. बैठक में खराब प्रदर्शन वाले स्कूलों के प्राचार्यों पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कलेक्टर ने टीडी हायर सेकेंडरी स्कूल फिंगेश्वर के संस्था प्रमुख को तत्काल हटाने और 36 अन्य स्कूलों के प्राचार्यों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए. इसके साथ ही इन स्कूलों के प्राचार्यों की दो-दो वेतनवृद्धियां रोकने के आदेश भी दिए गए. इसके साथ ही मॉनिटरिंग में गंभीरता नहीं बरतने वाले फिंगेश्वर के बीईओ और बीआरसी को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये.बैठक में कलेक्टर दीपक अग्रवाल ने कहा कि बोर्ड परीक्षा में शत प्रतिशत परीक्षा परिणाम हासिल करने और उच्च शिक्षा गुणवत्ता के उद्देश्य से गौरव गरियाबंद अभियान चलाया जा रहा है. यह अभियान कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के शत प्रतिशत सफलता हासिल करने के लिए विशेष कार्य योजना है. उन्होंने कहा कि इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में और अधिक मेहनत करते हुए सभी स्कूलों में शत प्रतिशत परीक्षा परिणाम हासिल करने के लिए प्राचार्य एवं शिक्षक गंभीरतापूर्वक अधिक प्रयास करें. बोर्ड परीक्षा में अच्छे रिजल्ट के लिए बीईओं, बीआरसी तथा प्राचार्य शिक्षक और बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें. कलेक्टर ने सभी बीईओ एवं बीआरसी को अर्द्धवार्षिक परीक्षा में सी एवं डी ग्रेड वाले स्कूलों का निरीक्षण करने के निर्देश दिये. कलेक्टर ने स्कूली विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम बेहतर बनाने के लिए संस्था प्रमुखों एवं शिक्षकों को मुख्यालय में निवास करने एवं निर्धारित समय में स्कूल आने के निर्देश दिये. उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि जिन विषय शिक्षकों का परीक्षा परिणाम खराब आयेगा, ऐसे शिक्षकों को चिन्हांकित कर उनके विरूद्ध सख्ती के साथ कार्यवाही की जायेगी. इसी तरह जिन स्कूलों के रिजल्ट खराब आयेगा, ऐसे संस्था प्रमुखों के विरूद्ध भी कड़ी कार्रवाई करने के लिए शासन को पत्र भेजा जायेगा. इस दौरान बैठक में संयुक्त कलेक्टर राकेश कुमार गोलछा, जिला शिक्षा अधिकारी ए.के. सारस्वत, डीएमसी के.एस. नायक, गौरव गरियाबंद के नोडल अधिकारी श्याम चन्द्राकर एवं मनोज केला सहित समस्त बीईओ, बीआरसीसी एवं संस्था प्रमुख उपस्थित थे. कलेक्टर ने बैठक में कहा कि हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूल की परीक्षा मार्च के प्रथम सप्ताह से प्रारंभ होगी. इसके लिए पाठ्यक्रम के अनुसार शिक्षकों द्वारा बच्चों को निरंतर मार्गदर्शन करे एवं जिले में शत प्रतिशत परीक्षा परिणाम सुनिश्चित करे. जिला प्रशासन द्वारा बोर्ड परीक्षा के बेहतर परिणाम लाने के लिए विषय विशेषज्ञ शिक्षकों के द्वारा प्रश्न बैंक का ब्लूप्रिंट तैयार कर सभी प्राचार्य को प्रश्न बैंक दिया गया है. जिसके आधार पर विषय शिक्षक बच्चों को तैयारी कराएं. जिससे प्री बोर्ड की तैयारी आसानी से किया जा सकता है. स्कूल में कमजोर बच्चों के लिए विशेष क्लास लगाकर पढ़ाये.

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031