राजनांदगांव। कोरोना संक्रमण की रोकथाम करते हुए लोगों के लिए स्वस्थ जीवन का वातावरण निर्मित करने के प्रति राजनांदगांव जिला प्रशासन गंभीर व सजग है। इस आशय पर अब केंद्रीय स्वास्थ्य विभाग ने भी मुहर लगाई है। संयुक्त सचिव, स्वास्थ्य मंत्रालय भारत शासन ऋचा शर्मा एवं उनकी टीम ने राजनांदगांव के दौरे और विभिन्न बिंदुओं पर निरीक्षण में पाया किए यहां फिलहाल सब कुछ अच्छा है। संयुक्त सचिव एवं उनकी टीम ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिले में कोविड-19 के लिए किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान संयुक्त सचिव ऋचा शर्मा ने कहा, जिले में कोविड-19 की रोकथाम की दिशा में अच्छे कार्य किए जा रहे हैं। यहां के लैब बहुत अच्छे हैं और टेस्टिंग भी अच्छी तरह की जा रही है। होम आइसोलेशन में मरीज सही तरीके से आइसोलेट थे और स्वयं मरीजों ने संतुष्टि व्यक्त करते हुए बताया कि उन्हें अच्छा सहयोग मिला है। कोविड-19 केयर सेंटर उदयाचल एवं श्री शांति विजय सेवा समिति में मरीजों के लिए अच्छी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रहीं हैं। सीसीटीवी से निरीक्षण करने पर भी पता चला कि वहां पर्याप्त देखभाल की जा रही है। उन्होंने कहा कि होम आइसोलेशन को और सुदृढ़ बना सकते हैं। इसके अलावा अग्रिम पंक्ति में कार्य कर रहे कुछ कार्यकर्ताओं की कोविड- 19 से मृत्यु भी हुई है, इसमें विशेष ध्यान देते हुए उनके बीमा का प्रावधान सुनिश्चित करें। यह बहुत जरूरी है कि मृत्यु दर को रोकने के लिए कोविड-19 मरीजों की पहचान जल्दी की जाए और उनका इलाज जल्दी शुरू किया जाए। कोविड-19 हॉस्पिटल में ऑक्सीजन सप्लाई बेड की संख्या बढऩे पर भी समस्या का समाधान होगा। समीक्षा के दौरान कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा ने उन्हें जानकारी देते हुए बतायाए जिले में डेडिकेटेट कोविड-19 हॉस्पिटल पेंड्री में कोविड के लक्षण वाले मरीजों को तथा लक्षणविहीन मरीजों को कोविड-19 केयर सेंटर में रखा जा रहा है। इसके साथ ही होम आइसोलेशन के मरीज भी हैं। होम आइसोलेशन की अनुमति केवल उन्हीं मरीजों को दी जा रही है जिनके घर में सुविधाएं उपलब्ध हैं। कलेक्टर ने बताया, जिले के दानदाताओं, स्वयंसेवी संस्थाओं, समाजसेवी संस्थाओं एवं सेवाभावी नागरिकों से एक करोड़ 20 लाख रुपये नगद राशि सहयोग के रूप में प्राप्त हुए हैं। इसके अलावा समय-समय पर नागरिकों ने कूलर, एसी, पीपीई किट, ड्रायर, रेडमिसिविर इंजेक्शन, एवं अन्य आवश्यक सामान कोविड-19 हॉस्पिटल को उपलब्ध कराया है। साथ ही स्वयंसेवी संस्थाएं कोविड-19 केयर सेंटर के रूप में सतत अपनी सेवाएं दे रहीं हैं। इससे पहले टीम ने जिला मुख्यालय से लगभग 10 किलोमीटर दूर सोमनी के सीएचसी और कोविड सेंटर तथा काल सेंटर टेड़ेसरा का भी दौरा किया। यहां सीएमएचओ डा. मिथलेश चौधरी ने टीम को पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन पर जिले में चल रहे कोरोना नियंत्रण के प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी। केंद्रीय टीम ने इन प्रयासों की सराहना भी की। इस संबंध में राजनांदगांव कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा ने बताया, स्वास्थ्य मंत्रालय भारत सरकार की ओर से संयुक्त सचिव ऋचा शर्मा की अगुवाई में पहुंची टीम ने पूरे जिले में भ्रमण कर कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए बनाई गई जिला प्रशासन की व्यवस्था का जायजा लिया और कोरोना संक्रमण से बचाव हेतु जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए संतोष भी जताया। उन्होंने कहा, त्यौहारों को देखते हुए कोविड-19 संक्रमण के मद्देनजर अभी और सजग रहने की जरूरत है। आवश्यकता के अनुरूप व्यवस्थाओं को और भी सुदृढ़ किया जाएगा जिससे कोरोना संक्रमण से बचा जा सके। संयुक्त सचिव, स्वास्थ्य मंत्रालय भारत शासन ऋचा शर्मा एवं उनकी टीम के साथ हुई। समीक्षा बैठक में कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा, पुलिस अधीक्षक डी. श्रवण, मॉनिटरिंग इवोल्यूशन ऑफिसर स्वास्थ्य मंत्रालय भारत शासन डॉ. सुनील गिट्टे, मॉनिटरिंग इवोल्यूशन ऑफिसर स्वास्थ्य विभाग आनंद साहू एवं अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती तनुजा सलाम, नगर निगम आयुक्त चंद्रकांत कौशिक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी व एसडीएम मुकेश रावटे समेत अन्य प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
July 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031