बिलासपुर। बिलासपुर जिले में बड़ा रेल हादसा हो गया। गेवरा रोड से रायपुर की ओर जा रही एक लोकल ट्रेन बिलासपुर आउटर में खड़ी मालगाड़ी से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेन के आगे के दो डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में 6 यात्रियों की मौत की खबर है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। 12 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

यह हादसा घटना लालखदान स्टेशन के पास आउटर लाइन पर हुआ। बताया जा रहा है कि लोकल ट्रेन तेज रफ्तार में गुजर रही थी और उसी ट्रैक पर पहले से खड़ी मालगाड़ी से जा टकराई। टक्कर के साथ ही जोरदार धमाका हुआ और ट्रेन के डिब्बे एक-दूसरे पर चढ़ गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार गूंज उठी।

स्थानीय लोगों ने तुरंत रेलवे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद रेलवे की रेस्क्यू टीम, आरपीएफ और पुलिस बल मौके पर पहुंचा और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

रेलवे और जिला प्रशासन की टीमों ने फंसे यात्रियों को निकालने के लिए गैस कटर और हाइड्रोलिक उपकरणों का इस्तेमाल किया। घायलों को सिम्स हॉस्पिटल और अपोलो हॉस्पिटल बिलासपुर में भर्ती कराया गया है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि मौके पर मेडिकल रिलीफ वैन पहुंच गई है और घायलों को प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है|

टक्कर के बाद हावड़ा-बिलासपुर-कटनी रूट पर ट्रेन संचालन पूरी तरह ठप हो गया है। कई ट्रेनों को रद्द या डायवर्ट किया गया है। यात्रियों को रेलवे हेल्पलाइन नंबरों के माध्यम से जानकारी लेने की सलाह दी गई हैं|

हादसे में ओवरहेड वायर और सिग्नलिंग सिस्टम को भारी क्षति हुई है। तकनीकी टीमें ट्रैक की मरम्मत और बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि सामान्य परिचालन बहाल करने में कई घंटे लग सकते हैं|

रेलवे विभाग ने हादसे के कारणों की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रारंभिक तौर पर यह माना जा रहा है कि सिग्नल फेल्योर या मानवीय त्रुटि इस दुर्घटना की वजह हो सकती है। रेलवे प्रवक्ता ने कहा है कि दुर्घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है। यात्रियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है|

दुर्घटना में प्रभावित व्यक्तियों के लिए निम्न अनुग्रह राशि की घोषणा की गई है । मृतकों (casualties) के परिजनों को ₹10 लाख, गंभीर रूप से घायल यात्रियों को ₹5 लाख तथा सामान्य रूप से घायल यात्रियों को ₹1 लाख की सहायता राशि प्रदान की जाएगी ।

रेल प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर प्रारंभ कर दिए गए हैं । वरिष्ठ अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं तथा घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भेजा गया है । रेलवे प्रशासन प्रभावित यात्रियों को हरसंभव सहायता एवं समन्वय प्रदान कर रहा है ।

इस घटना की विस्तृत जांच रेलवे सुरक्षा आयुक्त (Commissioner of Railway Safety – CRS) स्तर पर कराई जाएगी, ताकि कारणों की समुचित जांच कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें ।

यात्रियों एवं उनके परिजनों की सुविधा हेतु निम्न हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं :—

आपातकालीन संपर्क:
• बिलासपुर – 7777857335, 7869953330
• चांपा – 8085956528
• रायगढ़ – 9752485600
• पेंड्रा रोड – 8294730162
• कोरबा – 7869953330
• उसलापुर – 7777857338

यात्री एवं उनके परिजन इन नंबरों पर संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं । रेल प्रशासन स्थिति पर निरंतर नजर रखे हुए है और समुचित राहत, बचाव एवं सहायता सुनिश्चित कर रहा है ।

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
April 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
27282930