What's Hot

नशा मुक्त भारत अभियान की पाँचवीं वर्षगांठ पर आज पूरे छत्तीसगढ़ में जागरूकता, जनभागीदारी और संकल्प का अभूतपूर्व दृश्य दिखाई दिया। प्रदेश के सभी जिलों—राजनांदगांव, बस्तर, अंबिकापुर, दंतेवाड़ा, गरियाबंद, कोरिया, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर—में एक साथ शपथ ग्रहण, जनजागरूकता रैलियों, नाट्य-प्रस्तुतियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और व्यापक सामाजिक सहभागिता के साथ नशा मुक्ति अभियान को नए संकल्प के साथ आगे बढ़ाया गया। इस अवसर पर भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का संदेश भी प्रोजेक्टर एवं वर्चुअल माध्यमों से सभी जिलों में प्रसारित किया गया।
राजनांदगांव में समाज कल्याण विभाग एवं समता जनकल्याण समिति द्वारा डॉ. बल्देव प्रसाद मिश्र शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बसंतपुर में आयोजित कार्यक्रम में महापौर श्री मधुसूदन यादव ने उपस्थित जनसमूह को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। यहाँ छात्रों द्वारा संदेश नाटिका, दृष्टिबाधित शिक्षक द्वारा गीत प्रस्तुति तथा संस्थाओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने जागरूकता को प्रभावी बनाया।
बस्तर जिले में कलेक्टर श्री हरिस एस के निर्देशानुसार जनपद पंचायतों, ग्राम पंचायतों, शासकीय कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में एक साथ शपथ ग्रहण कराया गया। हजारों लोगों ने नशे को त्यागने और समाज को स्वस्थ बनाने का संकल्प लिया।
सरगुजा जिला मुख्यालय अंबिकापुर में संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ, जहाँ महापौर श्रीमती मंजूषा भगत ने विद्यार्थियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। विभिन्न महाविद्यालयों एवं विद्यालयों में भी इसी क्रम में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
दंतेवाड़ा में अपर कलेक्टर श्री राजेश कुमार पात्रे ने अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ शपथ लेकर युवाओं की भूमिका पर जोर दिया। गरियाबंद जिले में जिला पंचायत एवं कलेक्ट्रेट कार्यालयों में शपथ के साथ-साथ विभिन्न संस्थानों में चित्रकला, नाटक, स्लोगन तथा रचनात्मक प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं।
कोरिया जिले में कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी सहित अधिकारियों ने ई-शपथ लेकर नशा उन्मूलन के प्रति प्रतिबद्धता दिखाई।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी ने सभी अधिकारियों को जिले को नशामुक्त बनाने का दृढ़ संकल्प लेने हेतु प्रेरित किया।
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में जनपद पंचायत भरतपुर द्वारा जनकपुर में भव्य नशा मुक्ति रैली निकाली गई, जिसमें जनप्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूहों, विद्यार्थियों और ग्रामीणजनों की व्यापक भागीदारी रही।
राज्यभर में हुए इन कार्यक्रमों ने स्पष्ट किया कि समाज, प्रशासन, शिक्षण संस्थान और युवा शक्ति मिलकर छत्तीसगढ़ को नशामुक्त बनाने के लक्ष्य के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध हैं। सरकार ने इस अवसर पर दोहराया कि नशा मुक्त भारत अभियान का उद्देश्य केवल व्यसनमुक्ति ही नहीं, बल्कि एक स्वस्थ, सुरक्षित और उन्नत राष्ट्र का निर्माण है।

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930