जब भी हलवे की बात होती है, दिमाग में सबसे पहले सूजी, गाजर या मूंग दाल का नाम आता है, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि हरी मिर्च से भी हलवा बन सकता है? सुनते ही थोड़ा अजीब लगता है, पर यकीन मानिए इसका स्वाद आपको चौंका देगा. इस डिश की खासियत है इसका मीठा और हल्का तीखा फ्लेवर, जो मिलकर एकदम अलग टेस्ट देता है. यह रेसिपी उन लोगों के लिए बढ़िया है जो किचन में नए एक्सपेरिमेंट करना पसंद करते हैं. फेस्टिव सीजन हो, घर में कोई छोटा फंक्शन हो या बस कुछ अलग खाने का मन-हरी मिर्च का हलवा सबको सरप्राइज कर देता है. इसमें मिर्च की तेज जलन नहीं होती, बस हल्की सी गर्माहट और खुशबू आती है. ऊपर से घी, खोया और ड्राई फ्रूट्स मिलकर इसे रिच और टेस्टी बना देते हैं. एक बार बनाकर देखिए, लोग पूछेंगे ये क्या कमाल चीज बनाई है!
हरी मिर्च का हलवा बनाने के लिए सामग्री
-हरी मिर्च – 50 ग्राम
-फिटकरी – 1 छोटा टुकड़ा
-घी – 2 बड़े चमच
-सूजी – 2 बड़े चमच
-हरी इलायची पाउडर – 1/4 छोटा चमच
-खोया – 1 कप
-चीनी – 4 बड़े चमच (स्वाद के हिसाब से कम-ज्यादा कर सकते हैं)
-काजू – कटे हुए
-बादाम – कटे हुए
-पिस्ता – कटे हुए
बनाने की तैयारी
1. सबसे पहले हरी मिर्च को अच्छे से धो लें और डंठल हटा दें. अगर मिर्च बहुत तेज हो तो बीच से हल्का चीरा लगाकर बीज निकाल सकते हैं. इससे हलवा ज्यादा बैलेंस टेस्ट देगा.
2. एक पतीले में पानी गरम करें. उसमें फिटकरी डालें और मिर्च भी डाल दें. 2-3 मिनट उबालें, फिर मिर्च निकालकर छान लें. यही प्रोसेस 3-4 बार दोहराएं. इससे मिर्च की कड़वाहट और ज्यादा तीखापन कम हो जाता है, लेकिन उसका फ्लेवर बना रहता है.
3. अब उबली मिर्च को ठंडा करके मिक्सी में दरदरा पीस लें. पेस्ट एकदम स्मूद न करें, हल्की दानेदार टेक्सचर अच्छा लगता है.
हलवा बनाने का तरीका
1. अब एक नॉन-स्टिक पैन या कढ़ाही गैस पर रखें और उसमें घी गरम करें. घी पिघल जाए तो सूजी डालें और धीमी आंच पर 1-2 मिनट भूनें. सूजी हल्की खुशबू देने लगे, तब पिसी हुई हरी मिर्च डाल दें.
2. मिर्च डालने के बाद इसे सूजी के साथ 3-4 मिनट तक भूनें. यही स्टेप हलवे का असली स्वाद बनाता है. अब इसमें हरी इलायची पाउडर डालें. खुशबू कमाल की आएगी.
3. इसके बाद खोया मिलाएं और अच्छे से चलाते रहें ताकि सब चीजें बराबर मिक्स हो जाएं. अब चीनी डालें. चीनी डालते ही हलवा थोड़ा ढीला होगा, लेकिन घबराएं नहीं. धीमी आंच पर पकाते रहें.
4. लगातार चलाते रहें जब तक हलवा गाढ़ा होकर पैन छोड़ने न लगे. घी हल्का-सा किनारों पर दिखने लगे तो समझिए हलवा तैयार है.
सजावट और सर्व करने का तरीका
तैयार हलवा सर्विंग बाउल में निकालें. ऊपर से कटे काजू, बादाम और पिस्ता डालें. चाहें तो थोड़ा घी ऊपर से डाल सकते हैं, इससे टेस्ट और बढ़िया हो जाता है. इसे गरम-गरम परोसें, तभी इसका असली मजा आता है.
काम की टिप्स
बहुत ज्यादा तीखी मिर्च न लें, मीडियम तीखी बेहतर रहती है. फिटकरी वाला स्टेप स्किप न करें, यही स्वाद बैलेंस करता है. खोया ताजा हो तो हलवा ज्यादा टेस्टी बनेगा. हलवा ठंडा होने पर थोड़ा सख्त हो जाता है, इसलिए गरम सर्व करें.














