करनाल: मूनक रोड स्थित बजीदा जट्टान जाने वाले रास्ते पर नहर पुल के नजदीक रविवार देर रात सीआईए दो की टीम और दो बदमाशों सोनीपत के गढ़ मलिकपुर के इमरान और जाजल गांव निवासी रौनक के बीच मुठभेड़ हुई। टीम को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
डीएसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया कि मुठभेड़ में बदमाशों की एक गोली पुलिसकर्मी मनोज के बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी। दोनों को घायल अवस्था में नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। पुलिस ने दोनों से दो अवैध विदेशी पिस्टल और 106 कारतूस बरामद किए हैं। आरोपियों की बाइक को भी कब्जे में ले लिया है। दोनों बदमाश दीपक नांदल गैंग के सदस्य हैं।
डीएसपी ने बताया कि रविवार रात को सीआईए दो की टीम को मूनक रोड पर सूचना मिली कि एक बाइक पर सवार मूनक से दो बदमाश किसी दोनों बदमाशों के पैर में पुलिस ने मारी गोली वारदात को अंजाम देने के लिए करनाल शहर आ रहे हैं।टीम ने नाकाबंदी की तो एक बाइक पर मुंह ढंके हुए दो बदमाश आए और पुलिस टीम को देखकर वापस मुड़
गए। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने अपनी बाइक बजीदा जट्टान वाले लिंक रोड की तरफ दौड़ा दी। पुलिस ने नहर पुल के पास बदमाशों की बाइक को टक्कर मारकर गिरा दिया। इसके बाद दोनों ने फायरिंग शुरू कर दी।
इस दौरान गोली सहायक निरीक्षक मनोज की छाती में लगी। बुलेटप्रूफ जैकेट पहनी होने से उनकी जान बच गई। दूसरी गोली अतिरिक्त सहायक निरीक्षक विकास के सिर के नजदीक से निकली। पुलिस ने पहले हवाई फायर करके रुकने के चेतावनी दी। आरोपी नहीं रुके तो पुलिस ने पैरों में गोली चला दी। दोनों घायल होकर गिर पड़े। बदमाशों के आपराधिक रिकॉर्ड के लिए संबंधित थाना को लिखा गया है।



















