फिलीपींस में इस साल की अब तक की सबसे बड़ी मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने 10 संदिग्ध मुस्लिम उग्रवादियों को मार गिराया। यह कार्रवाई शुक्रवार को देश के दक्षिणी हिस्से में हुई, जहां लंबे समय से अलगाववादी हिंसा होती रही है।
उग्रवादी कमांडर की गिरफ्तारी के दौरान हुई मुठभेड़
अधिकारियों के मुताबिक, यह मुठभेड़ तब शुरू हुई जब सेना और पुलिस एक गांव में एक उग्रवादी कमांडर को गिरफ्तार करने पहुंचे थे। तभी ‘दौलह इस्लामिया-माउते’ नाम के समूह से जुड़े संदिग्ध उग्रवादियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद करीब एक घंटे तक दोनों तरफ से गोलीबारी चली। इस ऑपरेशन में कमांडर अमेरोल मंगोरांका समेत कुल 10 उग्रवादी मारे गए, जिनमें चार महिलाएं भी शामिल थीं। राहत की बात यह रही कि इस मुठभेड़ में किसी भी सरकारी जवान को नुकसान नहीं पहुंचा।



















