जयपुर. जयपुर में अपनी मां की हत्या के आरोप में गिरफ्तार एलएलबी की छात्रा आयुषी का मामला हर दिन नया मोड़ ले रहा है. अब इस केस में ऐसा दावा सामने आया है, जिसने पूरे घटनाक्रम को और गंभीर बना दिया है. अब सवाल सिर्फ मां की मौत का नहीं रह गया है. परिवार के एक सदस्य ने आरोप लगाया है कि कुछ महीने पहले हुई आयुषी के पिता की मौत भी सामान्य नहीं थी.
यह दावा किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि आयुषी के मामा राकेश शर्मा ने किया है. उन्होंने पुलिस को शिकायत देकर कहा है कि अप्रैल 2025 में हुई विजय शर्मा की मौत की भी दोबारा जांच होनी चाहिए, क्योंकि उन्हें शक है कि उनकी मौत स्वाभाविक नहीं थी.
मामा का दावा- पिता की फीडिंग ट्यूब निकाल दी गई
राकेश शर्मा का आरोप है कि विजय शर्मा को ब्रेन स्ट्रोक आया था. इसके बाद आयुषी और उसके चचेरे भाई बलराम उन्हें एक अस्पताल में लेकर गए. उनका कहना है कि करीब तीन महीने तक परिवार के लोगों को इलाज की सही जानकारी नहीं दी गई. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बाद में जब विजय शर्मा घर लौटे तो उनकी तबीयत लगातार खराब थी. डॉक्टरों ने परिवार को बताया कि उनके कई अंग प्रभावित हो चुके हैं. मामा का आरोप है कि इसी दौरान आयुषी ने अपने पिता की फीडिंग ट्यूब निकाल दी, जिससे उनकी मौत हो गई.
पुलिस बोली- शिकायत मिली है, जांच होगी
पुलिस का कहना है कि फिलहाल यह आरोप शिकायत के रूप में सामने आए हैं. परिजनों की ओर से दी गई जानकारी के आधार पर पूरे मामले की जांच की जाएगी. मां की हत्या के मामले में पहले से गिरफ्तार आयुषी से इस नए आरोप को लेकर भी पूछताछ की जाएगी.
मां की हत्या का मामला पहले ही बना चर्चा का विषय
आयुषी पहले से अपनी मां नीरज शर्मा की हत्या के आरोप में गिरफ्तार है. पुलिस के अनुसार उसने अपने चचेरे भाई बलराम की मदद से करीब 7 लाख रुपये में सुपारी किलर तय किए थे. आरोप है कि योजना मां की हत्या कर उसे सड़क हादसा दिखाने की थी. जांच एजेंसियों के मुताबिक शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि आयुषी सरकारी नौकरी हासिल करना चाहती थी और पारिवारिक संपत्ति पर भी उसकी नजर थी. इसी वजह से साजिश रची गई.
अब जांच के घेरे में दो मौतें
मां की हत्या का मामला पहले ही पुलिस की जांच में है. अब पिता की मौत को लेकर लगे नए आरोपों ने जांच का दायरा और बढ़ा दिया है. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि अप्रैल 2025 में विजय शर्मा की मौत वास्तव में बीमारी से हुई थी या फिर शिकायत में लगाए गए आरोपों में कोई सच्चाई है. फिलहाल पुलिस ने साफ किया है कि मामा की शिकायत के आधार पर जांच की जाएगी. जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि पिता की मौत के पीछे कोई साजिश थी या नहीं.



















