भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में भले ही कई बार तनाव देखने को मिलता हो, लेकिन संगीत एक ऐसी भाषा है जो सरहदों की सीमाओं को नहीं मानती. दोनों देशों के लोग एक-दूसरे के गाने, फिल्में और कलाकारों को खूब पसंद करते हैं. यही वजह है कि जब भी कोई अच्छा गाना सामने आता है, वह सीधे लोगों के दिलों तक पहुंच जाता है. सोशल मीडिया पर इन दिनों ऐसा ही एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें भारत में आयोजित एक सगाई समारोह के दौरान लड़कियों ने पाकिस्तानी सिंगर सबात बातिन (Sabaat Batin) के मशहूर गाने ‘गल सुन’ पर शानदार डांस किया. उनकी बेहतरीन प्रस्तुति ने भारत ही नहीं, पाकिस्तान के लोगों का भी दिल जीत लिया और दोनों देशों के सोशल मीडिया यूजर्स उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं.
दरअसल, वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि सगाई समारोह के दौरान कुछ लड़कियां स्टेज पर पूरे जोश और उत्साह के साथ डांस करती नजर आती हैं. बैकग्राउंड में पाकिस्तानी गायक सबात बातिन का हिट गाना ‘गल सुन’ बज रहा होता है. गाने की धुन पर सभी लड़कियां एक जैसी कोरियोग्राफी, शानदार तालमेल और बेहतरीन एक्सप्रेशन के साथ परफॉर्म करती हैं. उनकी एनर्जी और आत्मविश्वास ऐसा माहौल बना देता है कि वहां मौजूद मेहमान भी तालियां बजाकर उनका हौसला बढ़ाने लगते हैं. पूरे समारोह में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिलता है. डांस इतना आकर्षक है कि वीडियो खत्म होने के बाद भी लोग उसे बार-बार देखना पसंद कर रहे हैं.



















